महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र में जल्द शुरु होगी ‘डायल 112’ सेवा, 10 मिनट में पहुंचेगी पुलिस

मुंबई: महाराष्ट्र सरकार जल्द ही राज्यभर में ‘डायल 112’ सेवा शुरू करेगी। इससे आपात स्थिति में पुलिस जल्द ही पीड़ित तक पहुंच सकेगी। राज्य के गृह राज्यमंत्री सतेज पाटील ने शनिवार को यह जानकारी दी। राज्य मंत्री पाटिल ने कहा कि प्रौद्योगिकी संचालित इस सेवा से यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि शहरी क्षेत्रों में पुलिस प्रतिक्रिया समय 10 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 15 मिनट हो जाए। उन्होंने कहा कि इस सेवा के तहत राज्यभर के सभी 45 पुलिस आयुक्तालयों और जिला पुलिस कार्यालयों में अत्याधुनिक नियंत्रण कक्ष होंगे।
पाटील ने कहा कि पुलिस द्वारा उपयोग किए जाने वाले 1,502 चार पहिया और 2,269 दोपहिया वाहनों में मोबाइल डेटा टर्मिनल और जीपीएस प्रणाली होगी। उनमें से 849 चार पहिया और 1,372 दोपहिया वाहन पहले ही इस प्रणाली से लैस किए जा चुके हैं। प्रौद्योगिकी के जरिये इन वाहनों को चौबीसों घंटे लोगों की सेवा में तैयार रहने में सक्षम बनाया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे जल्द ही इस सेवा की शुरुआत करेंगे, लेकिन इससे पहले अगले महीने इसका परीक्षण और सुरक्षा ऑडिट किया जाएगा।