ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

अटल महाकुंभ में देवेंद्र फडणवीस को मिला ‘अटल सम्मान’ बोले- ये सिर्फ सम्मान नहीं, एक जवाबदारी है…

मुंबई,(राजेश जायसवाल): मुंबई के उपनगर बांद्रा स्थित रंगशारदा सभागृह में रविवार की शाम भारत रत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में ‘दीप कमल फाउंडेशन’ द्वारा ‘अटल महाकुंभ’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत से पहले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अटल जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। विघ्नहर्ता श्री गणेश की स्तुति के साथ वंदे मातरम गीत की धुन और उसके माधुर्य से निकली प्रेमिल सरिता ने खचाखच भरे सभागृह में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सुनीता भूयान की प्रस्तुति ने जीता दर्शकों का दिल; तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजा सभागृह
विश्व के सबसे लोकप्रिय वाद्ययंत्र की मशहूर साधिनी श्रीमती सुनीता भूयान की बेहतरीन प्रस्तुति ने सभी श्रोताओं का दिल जीत लिया। जैसे ही वे मंच पर अपनी प्रस्तुति देने के लिए खड़ी हुईं, हर दर्शक तालियां बजाने पर मजबूर हो उठा। इसके बाद बीआर चोपड़ा के मशहूर टेलीविज़न सीरियल ‘महाभारत’ में ‘अदृश्य’ किरदार को आवाज़ देने वाले ‘मैं समय हूँ’ के रूप में अपनी जादुई आवाज बिखेरने वाले कलाकार हरीश भिमानी ने अपनी आवाज में अटल जी की कविता ‘आज सिंधु में ज्वार उठा है, नगपति फिर ललकार उठा है, कुरुक्षेत्र के कण-कण से फिर, पांचजन्य हुँकार उठा है। शत-शत आघातों को सहकर, जीवित हिंदुस्थान हमारा, जग के मस्तक पर रोली सा, शोभित हिंदुस्थान हमारा’ पढ़कर कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिया।

सही मायने में मुंबई ‘अटल जी’ की है: शेलार
मुंबई भाजपा के अध्यक्ष एवं विधायक आशीष शेलार ने कहा कि सही मायने में मुंबई ‘अटल जी’ की है। मुंबई की मराठी भाषा को उन्होंने सम्मान दिया। वे मराठी फिल्म देखने एक सामान्य व्यक्ति की तरह प्लाजा थिएटर पहुंच गए थे। मुंबई की बेस्ट बसों को जीवन उन्होंने ही दिया।
अटल जी की हाजिर जवाबी पर एक किस्सा साझा करते हुए आशीष शेलार ने कहा कि अटल जी राष्ट्रीय अधिवेशन दिल्ली में हिस्सा लेकर बाहर निकल रहे थे, उनकी तबियत थोड़ी ठीक नहीं थी इसलिए चलने की गति धीमी थी। कांग्रेस हाईकमान ने उनके वरिष्ठ नेता नटवर सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया था, जिस पर एक पत्रकार ने अटल जी से प्रतिक्रिया देने के लिए पूछा- अटल जी, आपको क्या लगता है नटवर सिंह को बलि का बकरा बनाया गया है? जवाब में अटल जी ने कहा- वह तो शाकाहारी हैं, उन्हें बकरे की बलि के बारे में कुछ नहीं पता।
भाजपा नेता शेलार ने ‘दीप कमल फाउंडेशन’ द्वारा देवेंद्र फडणवीस को ‘अटल सम्मान’ दिए जाने के फैसले को सही ठहराया। आगे उन्होंने कहा कि अटल जी कवि थे और देवेंद्र कविता प्रेमी हैं। यदि यहां मौजूद लोग कहे तो फडणवीस जी दो चार कविताएं अटल जी की अभी सुना सकते हैं।

देवेंद्र फडणवीस को मिला ‘अटल सम्मान’!

‘अटल सम्मान’ सिर्फ सम्मान नहीं, एक जवाबदारी है: फडणवीस
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष और ‘दीप कमल फाउंडेशन’ के अध्यक्ष अमरजीत मिश्र जी के नेतृत्व में फाउंडेशन विगत १६ वर्षों से इसी तरह से ‘अटल महाकुंभ’ का भव्य और सफल आयोजन करता चला आ रहा है। उन्होंने कहा कि मैं कई बार अनेक महानुभावों को पुरस्कार देने के लिए इस कार्यक्रम में उपस्थित रहा हूँ, लेकिन कभी लगा नहीं कि ये पुरस्कार ‘अटल सम्मान’ मुझे मिलेगा।
आगे उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि ये ‘अटल सम्मान’ सिर्फ सम्मान नहीं है…यह एक बड़ी जवाबदारी है। एक बार अगर आपने अटल जी के नाम का सम्मान स्वीकार कर लिया तो राजनीतिक और सामाजिक जीवन में चूक करने का अधिकार नहीं है। ‘दीप कमल फाउंडेशन’ द्वारा आयोजित ‘अटल महाकुंभ’ कार्यक्रम की अतिथियों ने जमकर सराहना की।

उक्त कार्यक्रम में विधायक कालिदास कोलंबकर, कैप्टन आर तमिल सेल्वन, प्रसाद लाड, पूर्व कैबिनेट मंत्री राज के पुरोहित, संजय पांडे सहित कई अन्य गणमान्य मौजूद रहे।