देश दुनियाब्रेकिंग न्यूज़

अफगानिस्तान में सिलसिलेवार धमाके; 24 से अधिक लोगों की मौत! 50 से ज्यादा लोग घायल

काबुल: अफगानिस्तान से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। धमाकों से अफगानिस्तान पूरी तरह दहल उठा है। गुरुवार को राजधानी काबुल सहित चार शहरों में जोरदार धमाकों में 24 से अधिक लोगों की मौत हो गयी है, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं।
पूर्वी अफगानिस्तान स्थित देश का चौथा बड़ा शहर ‘मजार-ए-शरीफ’ की मशहूर मस्जिद आज बम धमाके से दहल उठी। भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित मस्जिद सेह डेकन में जोरदार धमाका हुआ। इस धमाके में 18 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। 30 से ज्यादा लोग घायल हैं। घायलों को आसपास के अस्पतालों में ले जाया गया है। अबु अली सिना बाल्की जिला अस्पताल के प्रमुख घोसुद्दीन अनवारी ने घायलों की स्थिति को गंभीर बताया है। उन्होंने घायलों की सही संख्या बताने से इनकार करते हुए कहा कि लगातार जख्मी लोग आ रहे हैं। उन्हें बचाने की कोशिश की जा रही है। वैसे अभी घायलों व मृतकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। मजार-ए-शरीफ के अलावा अफगानिस्तान की राजधानी काबुल भी धमाकों की चपेट में आया। यहां खुशहाल खान मोहल्ले में धमाका हुआ।
अफगानिस्तान के एक अन्य शहर कुंदुज में भी विस्फोट हुआ है। इन दोनों शहरों में धमाकों के कारण अफरातफरी का माहौल है। यहां कम से कम दो लोगों के मारे जाने और कई लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित शहर नंगरहार के खोयानी में हुए धमाकों में सैनिक निशाने पर थे। यहां चार सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। इस तरह चार शहरों में 24 से अधिक लोगों के मारे जाने की खबर सामने आई है। अधिकारियों का कहना है कि यह संख्या अभी और बढ़ सकती है।

बता दें कि इसी इलाके में दो दिन पहले 19 अप्रैल को भी शिक्षण संस्थानों को निशाना बनाकर कई विस्फोट किए गए थे। जिनमें कम से कम छह बच्चों की मौत हो गई थी और 17 अन्य घायल हो गये थे।