ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा की मुश्किलें बढ़ी, ED ने दर्ज किया मनी लॉन्ड्रिंग का केस

मुंबई: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक मामले में व्यवसायी राज कुंद्रा के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है। मुंबई पुलिस ने भी उनके खिलाफ 2021 में मामला दर्ज किया था। राज कुंद्रा मशहूर फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति हैं।
गौरतलब है कि फरवरी 2021 में क्राइम ब्रांच ने मुंबई में अश्लील फिल्में बनाने और उन्हें एक ऐप के जरिए पब्लिश करने का मामला दर्ज किया था। इस मामले में ही राज कुंद्रा को 19 जुलाई 2021 को गिरफ्तार किया गया था।
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इस मामले में 1500 पन्ने की चार्जशीट भी दाखिल की थी, जिसमें अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के साथ ही शर्लिन चोपड़ा समेत 42 गवाहों का बयान शामिल किया गया था।

राज कुंद्रा पर लगे हैं कई गंभीर आरोप
बता दें कि राज कुंद्रा पर अश्लील फिल्में बनाने और वेब सीरीज में काम दिलाने का वादा करके ठगी करने का आरोप लगाया गया था। आरोप में बताया गया था कि अश्लील फिल्मों को शूट करने के बाद एक ऐप पर डाला जाता था। इस ऐप के सब्सक्राइबर्स को इन फिल्मों को देखने के लिए पैसे देने पड़ते थे।
मुंबई पुलिस ने जब अश्लील फिल्म बनाने के मामले की जांच की तो इसका ब्रिटेन कनेक्शन सामने आया। यूके की फर्म केनरिन (Kenrin) से राज कुंद्रा की फर्म वियान (Viaan) ने एक समझौता किया था। अश्लील फिल्म को अपलोड करने में केनरिन के ही एक ऐप का इस्तेमाल किया गया था। वियान फर्म का मालिकाना हक ब्रिटेन में राज कुंद्रा के एक करीबी के पास था। इस मामले में राज कुंद्रा की कंपनी वियान के आईटी हेड रेयान थोरपे को भी गिरफ्तार किया गया था।

राज कुंद्रा का विवादों से गहरा नाता रहा है। इससे पहले अभिनेत्री पूनम पांडे ने राज कुंद्रा और उनके सहयोगियों पर उनकी तस्वीरों का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था। हालांकि, राज कुंद्रा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था।