उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गैंगरेप: घर छोड़ने का झांसा देकर मानसिक रूप से बीमार युवती से बेहोश हो जाने तक 8 लोगों ने किया दरिंदगी!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां मानसिक रूप से बीमार एक युवती के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। रास्ता भटकी पीड़िता को घर छोड़ने का झांसा देकर ऑटो चालक आलमबाग की बीजी कॉलोनी के एक घर में ले गया और 7 अन्य साथियों के साथ मिलकर रातभर गैंगरेप किया। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी पिटाई भी की।
घर में एक महिला भी मौजूद थी। होश आने पर पीड़िता किसी तरह आलमबाग पुलिस स्टेशन पहुंची और आपबीती सुनाई। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। महिला समेत पांच आरोपी फरार हैं। पुलिस सरगर्मी से उनकी तलाश में जुटी हुई है।

23 सितंबर को घर से निकली थी युवती
मिली जानकारी के अनुसार, कृष्णानगर इलाके में रेलवे से रिटायर्ड हेड क्लर्क रहते हैं। 23 सितंबर की शाम उनकी बेटी जो मानसिक रूप से बीमार है। घर से निकली थी। देर रात तक वह घर नहीं लौटी थी। परिवारीजनों ने उसे काफी तलाश किया था। उसका कुछ पता नहीं चल सका था। बेटी की गुमशुदगी की तहरीर भी पीड़ित पिता ने रात को पुलिस को दी थी।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन करने की बात कही थी। पीड़ित पिता के पास 24 सितंबर को आलमबाग पुलिस ने कॉल करके बुलाया। पीड़िता के पिता और परिजन पुलिस स्टेशन पहुंचे तो बेटी की हालत देख कर सन्न रह गए। बेटी के शरीर पर चोट के काफी निशान थे। वह बदहवास हालत में थी। कपड़े फटे और अस्त-व्यस्त थे। परिवारवालों को देखकर युवती फफक कर रोने लगी। वह सही से कुछ बोल नहीं पा रही थी। पिता ने किसी तरह से बेटी को संभाला।

ऑटो चालक ने पहले जूस पिलाया, फिर साथ में ले गया
पीड़िता ने परिवारीजनों को बताया कि वह रास्ता भटक गई थी। उसे एक ऑटो रिक्शा चालक मिला। उसने उसे घर छोड़ने की बात कहकर ऑटो में बैठा लिया। ऑटो चालक ने पीड़िता को जूस पिलाया। इसके बाद वह युवती को आलमबाग स्थित रेलवे कॉलोनी ले गया। वहां एक महिला के अलावा सात अन्य लोग मौजूद थे।

दुपट्टे से बांध दिए थे हाथ-पैर!
पीड़िता ने रोते हुए पिता को बताया कि रेलवे कॉलोनी स्थित घर में आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। उसके साथ आठ लोग अश्लील हरकतें करने लगे। पीड़िता ने शोर मचाने का प्रयास किया। आरोपियों ने उसका मुंह दबा दिया। उसके हाथ-पैर दुपट्टे से बांध दिए। इसके बाद आठों आरोपियों ने पीड़िता के कपड़े फाड़ दिए और उसके साथ बारी-बारी से पूरी रात रेप किया।

दर्द के कारण बेहोश हो गई थी पीड़िता!
पीड़िता ने बताया कि आठ लोगों ने कई बार उसके साथ रेप किया। दर्द के कारण वह बेहोश हो गई थी। पीड़िता को 24 सितंबर की सुबह होश आया। उसने देखा कि आठों आरोपी घर में नहीं थे। आरोपियों के साथ मौजूद महिला किसी काम में व्यस्त थी। पीड़िता मौका देखकर घर से बाहर आ गई। वह किसी तरह पैदल चलकर आलमबाग पुलिस स्टेशन पहुंची।

पुलिस की गिरफ्त में कुछ आरोपी
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने आरोपियों को एक-दूसरे के नाम लेते सुना था। उस आधार पर उसने पुलिस को बताया कि ऑटो चालक शिवनंदन बातों में फंसाकर ऑटो में बैठाकर ले गया था। एसीपी आलमबाग विक्रम सिंह के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देख हुए गैंगरेप, साजिश रचने समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू की गई।
पुलिस ने पड़ताल के दौरान बीजी कॉलोनी निवासी आरोपी शिवनंदन, सोनेलाल, अशोक कुमार और गिरिजेश कुमार को रविवार देर रात ही गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर आलमबाग विश्वकर्मा ने बताया कि महिला समेत पांच लोग फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

योगी का नाम लेते ही धड़कने लगता है अपराधियों का दिल: रक्षा मंत्री
यूपी के महराजगंज में चार दिन पहले ही केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि यूपी में योगी आदित्यनाथ एक ऐसी शख्सियत हैं जिनका नाम लेते ही अपराधियों का दिल धड़कने लगता है!

राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को महराजगंज के चौक बाजार स्थित गोरक्षपीठाधीश्वर महंत अवेद्यनाथ महाविद्यालय में राष्ट्रसंत गोरक्षपीठाधीश्वर ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की भव्य प्रतिमा के अनावरण समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित किया था। उन्होंने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश में गुंडे वर्दी पर भारी पड़ते थे आज वदीर्धारी उन गुंडों पर भारी हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथजी ने कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए बहुत अच्छा काम किया है।

कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखा रहे अपराधी
उत्तर प्रदेश में अपराधी लगातार कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखा रहे हैं। बलात्कार, यौन शोषण, गुंडागर्दी और जान से मार देने की घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रहीं, योगी सरकार ‘सुशासन’ होने का लाख दावा करे लेकिन हालात सच बयां कर रहे हैं।
‘बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ’ का नारा बुलंद करने वाली सरकार बेटियों को सुरक्षित माहौल देने में असफल साबित हो रही है और यह हम नहीं कहते, योगी के ‘उत्तम प्रदेश’ में आये दिन होने वाली घटनाएं खुद कह रही हैं। लगातार हम ऐसी घटनाओं से रू-ब-रू हो ही जाते हैं, जो महिला सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही हैं! बलात्कार की ऐसी घटनाएं दिल दहला देती हैं।
राजधानी लखनऊ में हुए इस गैंगरेप ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अपराधियों और बलात्कारियों में कोई खौंफ नहीं है उनके हौसले वैसे ही बुलंद हैं।