छत्तीसगढ़दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़

कांग्रेस का महाधिवेशनः सोनिया और मल्लिकार्जुन खड़गे देंगे चुनावी मंत्र, इन तीन प्रस्तावों पर होगा मंथन

भाजपा के हाथ में लोकतंत्र सुरक्षित नहीं, हम इसका सामना करेंगे: खड़गे

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन हो रहा है। कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन का आज दूसरा दिन है। आज के कार्यक्रम को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे संबोधित करेंगे तो वही कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी भी अधिवेशन को संबोधित करेंगी। इसके बाद 26 फरवरी को राहुल गांधी संबोधित करेंगे।
महाधिवेशन में शामिल होने के लिए पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी भी रायपुर पहुंच चुकी हैं। यहां उनका जोरदार स्वागत किया गया है। जहां जगह-जगह पर फूल-मालाओं से प्रियंका का अभिनंदन किया गया। इतना ही नहीं प्रियंका गांधी के स्वागत में सड़कों पर गुलाब के फूलों की पंखुड़ियां बिछाई गई हैं।
महाधिवेशन के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने बताया कि महाधिवेशन के दूसरे दिन यानी आज सुबह फ्लैग होस्टिंग की जाएगी। इसके बाद साढ़े 10 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे अधिवेशन को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रस्ताव पेश किए जाएंगे। करीब साढ़े 11 बजे कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी अधिवेशन को संबोधित करेंगी। वहीं, 12 बजे से तीन प्रस्तावों पर चर्चा शुरू होगी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने बताया कि जिन तीन प्रस्तावों पर आज चर्चा की जानी है। उसमें राजनीतिक, आर्थिक और विदेशी प्रस्ताव पर चर्चा होनी है। इसके बाद शाम को साढ़े 7 बजे से एक कल्चरर प्रोग्राम भी किया जाएगा।

रायपुर पहुंचकर मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आज मैं छत्तीसगढ़ के इस पावन धरती पर पहली बार कांग्रेस के अध्यक्ष के नाते आया हूं, मुझे काफी खुशी हो रही है। लेकिन दुख की बात यह कि जब मैं यहां पर अपने अधिवेशन में शामिल होने पहुंच रहा था, तो मेरे बहुत से कार्यकर्ताओं और नेताओं को परेशान किया गया। हमारे कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा जी को अरेस्ट किया गया। असम की पुलिस यहां आकर उनको गिरफ्तार करती है।
खड़गे ने आगे कहा कि मुझे बहुत खुशी हुई कि सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत दी। और एक तमाचा उनके (भाजपा) ऊपर पड़ा। ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए। हम जब पार्लियामेंट के अंदर अपनी बात बोलना चाहते हैं तो भी हमें बोलने नहीं दिया जाता, जब बाहर बोलना चाहते हैं तो भी हमें बोलने नहीं दिया जाता है।

लोकतंत्र भाजपा के हाथ में सुरक्षित नहीं
खड़गे ने कहा इस देश में फ्रीडम ऑफ स्पीच को, बोलने की आजादी को खत्म करने की कोशिश यह लोग कर रहे हैं। इनके हाथ में डेमोक्रेसी और संविधान सुरक्षित नहीं है। इसलिए ऐसे लोगों की कार्रवाई का मैं खंडन करता हूं।

खड़गे ने कहा जब हमारा यहां अधिवेशन हो रहा है हमारे कार्यकर्ताओं के ऊपर हमारे नेताओं के ऊपर ईडी की छापेमारी, इनकम टैक्स की छापेमारी। ऐसा कभी नहीं हुआ उन लोगों के भी अधिवेशन हुए हैं। लेकिन कभी किसी ने उन्हें ऐसे परेशान नहीं किया। लेकिन यहां हमारे अधिवेशन को खत्म करने के लिए बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन जनता मजबूत है और छत्तीसगढ़ की जनता और चीफ मिनिस्टर भूपेश बघेल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और हमारे तमाम साथी एक होकर इसका सामना करेंगे।

पारंपरिक नृत्य से हुआ स्वागत
मल्लिकार्जुन खड़गे जब रायपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे तो स्थानीय कलाकारों ने एयरपोर्ट पर नाच-गाकर उनका स्वागत किया। बस्तर से आदिम संस्कृति की झलक लिए स्थानीय कलाकार पारंपरिक नृत्यों का प्रदर्शन कर रहे थे। पारंपरिक वेशभूषा में यह कलाकार बेहद खूबसूरत नजर आ रहे थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी विमानतल पर नजर आए।

युवाओं का जोश भी दिखा

एयरपोर्ट के बाहर बड़े-बड़े कटआउट कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के लगाए गए हैं। यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई के नेता भी बड़ी तादाद में दिग्गज नेताओं का स्वागत करने पहुंचे। बाइक रैली निकालकर मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ युवा नेता रवाना हुए। एयरपोर्ट पर कांग्रेसी नेता अपने राष्ट्रीय नेताओं का इंतजार करते दिखाई दिए। जैसे ही नेताओं की एंट्री हुई तो जिंदाबाद के नारे लगे।

chhattisgarh Congress Session