नागपुरब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

जयंत पाटिल महाराष्ट्र विधानसभा से शीतकालीन सत्र की शेष अवधि के लिए हुए निलंबित

नागपुर: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल को स्पीकर राहुल नार्वेकर के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के लिए गुरुवार को महाराष्ट्र विधानसभा से शीतकालीन सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया। पाटिल ने नार्वेकर के खिलाफ टिप्पणी की थी, पाटिल के बयान से विधानसभा में भारी हंगामा हुआ और सत्तारूढ़ ‘बालासाहेबंची शिवसेना’ (बीएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सदस्यों ने पाटिल को अपशब्द कहने के लिए एक साल के लिए निलंबित करने की मांग की।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और विपक्षी सदस्यों की उपस्थिति में अध्यक्ष के साथ करीब तीन बैठकें हुईं, जिसके बाद विधानसभा सत्र की शेष अवधि के लिए पाटिल को निलंबित करने का निर्णय लिया गया। जयंत पाटिल तीन दशकों से अधिक समय से सदन के सदस्य हैं।
संसदीय कार्य मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने राकांपा की राज्य इकाई के प्रमुख जयंत पाटिल के खिलाफ निलंबन प्रस्ताव पेश किया। प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित हो गया।
इसके तुरंत बाद एनसीपी, कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) ने सदन से वॉकआउट कर विधानसभा के बाहर धरना दिया। पाटिल, राज्य के सबसे वरिष्ठ राजनेताओं में से हैं, जो लगातार सात बार इस्लामपुर से चुने गए हैं। वह 1999 में 39 साल की उम्र में राज्य का बजट पेश करने वाले सबसे कम उम्र के मंत्री थे, और बाद में 1999-2008 तक रिकॉर्ड 10 बार बजट पेश किया। नागपुर में सोमवार से शुरू हुआ राज्य विधानसभा का सत्र 30 दिसंबर तक चलेगा।