त्रिपुराब्रेकिंग न्यूज़

त्रिपुरा के नए सीएम बने माणिक साहा, बोले- राज्य में लाएंगे पीएम मोदी का विकास मॉडल

अगरतला: भाजपा नेता बिप्लब कुमार देब के त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष माणिक साहा ने राज्य के अगले सीएम के रूप में शपथ ले ली है। शपथ लेने के बाद माणिक ने कहा कि हम पीएम मोदी और बीजेपी के विकास के मुद्दे को लेकर ही राज्य में काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि त्रिपुरा के लोगों की समस्याओं को हल करने के साथ-साथ राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही मुख्य मुद्दा होगा। नव निर्वाचित सीएम माणिक ने कहा कि राज्य में भाजपा के लिए कोई राजनीतिक चुनौती नहीं है।
बता दें कि देब के इस्तीफे के कुछ घंटे बाद 69 वर्षीय डॉ माणिक साहा को भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में नामित किया गया था। साहा ने त्रिपुरा के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। रविवार की सुबह अगरतला स्थित राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया था।

प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद हैं माणिक
बता दें कि माणिक साहा प्रदेश अध्यक्ष के अलावा राज्यसभा से पार्टी के सांसद भी हैं। जिन्हें भाजपा ने त्रिपुरा के नए मुख्यमंत्री के रूप में चुना है। भाजपा अपने नए मुख्यमंत्री से पूर्वोत्तर राज्य में बहुकोणीय मुकाबले के बीच विधानसभा चुनावों में पार्टी को जीत की ओर ले जाने की उम्मीद करेगी। इस बीच तृणमूल कांग्रेस भी एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में उभरने की कोशिश कर रही है। वहीं अचानक हुए इस राजनीतिक उठापटक से राज्य के लोग आश्चर्यचकित हैं।