ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

दही हंडी फोड़ते वक्त घायल गोविंदाओ का सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विधानसभा में घोषणा की थी कि शुक्रवार को दही हंडी का आयोजन कई जगहो पर किया जा रहा है और आयोजन के दौरान अगर कोई गोविंदा घायल हो जाता है तो उसका सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज किया जाना चाहिए।
इसी के तहत राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, नगर निगमों, नगर पालिकाओं और जिला परिषद अस्पतालों को मुफ्त इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में लिया गया सरकार का निर्णय स्थायी है और इस वर्ष से प्रत्येक वर्ष के लिए लागू होगा।

दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु होने पर परिवार को मिलेगा 10 लाख
बता दें कि महाराष्ट्र में कोविड-19 महामारी के कारण पिछले दो साल के बाद शुक्रवार को पूरी धूमधाम के साथ दही हांडी उत्सव मनाया जा रहा है। इस दौरान दही से भरी मटकी रस्सियों के सहारे बीच में लटकी होती है, जिसे मानव पिरामिड बनाकर तोड़ा जाता है। यह त्यौहार मुंबई महानगरीय क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर मनाया जाता है।
महाराष्ट्र सरकार ने पिछले महीने घोषणा की थी कि इस साल दही हांडी और गणेश चतुर्थी सहित धार्मिक त्योहारों को मनाने पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में घोषणा की थी कि उनकी सरकार ने लोकप्रिय उत्सव दही हांडी को साहसिक खेल का दर्जा देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों या उनके परिवारों को मानव पिरामिड बनाने के दौरान किसी खिलाड़ी के हताहत होने की स्थिति में मुआवजा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि मानव पिरामिड बनाने के दौरान किसी प्रतिभागी की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो जाती है तो उसके परिवार को 10 लाख रूपये की अनुग्रह राशि मिलेगी। और किसी खिलाड़ी के गंभीर रूप से घायल हो जाने पर 7 लाख रूपये तथा मामूली रूप से घायल होने पर 5 लाख रूपये दिये जाएंगे।

दही हंडी पर आज दादर में ये रोड रहेगा बंद
रानाडे रोड पनेरी जंक्शन से दादर (पश्चिम) रेलवे स्टेशन तक वाहनों के आवागमन के लिए बंद रहेगा।
डी सिल्वा रोड विसावा होटल से दादर (पश्चिम) रेलवे स्टेशन तक बंद रहेगा।
कबूतरा खाना से दादर (पश्चिम) रेलवे स्टेशन तक एम सी जवाले रोड बंद रहेगा।
धनमिल नाका से नई प्रभादेवी सड़क और प्रभादेवी नाका से अप्पासाहेब मराठे मार्ग तक राजाभाऊ देसाई मार्ग बंद रहेगा।