ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

देवेंद्र फडणवीस विधान परिषद में सदन के नेता नियुक्त, सीएम शिंदे ने की घोषणा

मुंबई: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को राज्य विधान परिषद में सदन का नेता नियुक्त किया गया है। सीएम एकनाथ शिंदे ने बुधवार को उनके नाम की घोषणा की। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की ओर से यह घोषणा उस समय की गई जब वो विधान परिषद में विधानसभा के मॉनसून सत्र के पहले दिन अपने कैबिनेट मंत्रियों के बारे में जानकारी दे रहे थे। इसके बाद भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधान परिषद के नव-निर्वाचित सदस्यों का परिचय दिया।
देवेंद्र फडणवीस नागपुर से विधानसभा के सदस्य हैं। आमतौर पर विधानसभा में मुख्यमंत्री सदन का नेता होता है और उपमुख्यमंत्री विधान परिषद का।
विधान परिषद में द्रौपदी मुर्मू और जगदीप धनखड़ को क्रमशः राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर बधाई देते हुए एक प्रस्ताव भी पारित किया गया।

विधानसभा में विपक्ष का हंगामा
महाराष्ट्र विधानसभा का मानसून सत्र बुधवार को शुरू हुआ। इससे ठीक पहले विपक्षी दलों ने विधान भवन की सीढ़ियों पर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विपक्ष के नेता अजीत पवार के नेतृत्व में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और कांग्रेस ने किसानों के मुद्दों पर शिंदे सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विधायक आदित्य ठाकरे सहित उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के कई सदस्यों ने भी नारेबाजी में हिस्सा लिया। कुछ विपक्षी सदस्यों को शिंदे-फडणवीस सरकार की वैधता पर सवाल उठाने वाली तख्तियों के साथ देखा गया।
विपक्ष शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार पर लगातार निशाना साधते हुए दावा कर रहा है कि यह सरकार ‘असंवैधानिक’ है। अजित पवार इससे पहले कह चुके हैं, जिस तरह से सरकार सत्ता में आई है, उससे हमारा मानना है कि शिंदे सरकार निर्धारित संवैधानिक नियमों के मुताबिक नहीं बनी है। इससे जुड़ी याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आना बाकी है।

व्हिप को लेकर तकरार
शिंदे सरकार बनने के बाद विधानसभा का पहला मानसून सत्र हो रहा है। इस अधिवेशन में एक बार फिर शिवसेना और शिंदे गुट आमने-सामने आ गए हैं। लेकिन, शिंदे गुट ने पार्टी कार्यालय पर टकराव से बचने के लिए सातवीं मंजिल पर एक अलग कार्यालय स्थापित किया है। इस सत्र के मौके पर शिवसेना और शिंदे गुट के बीच व्हिप जारी करने को लेकर दावे और प्रतिवाद किए जा रहे हैं। उद्धव गुट के सुनील प्रभु ने दावा किया है कि हमारे द्वारा जारी किया गया व्हिप शिवसेना के सभी विधायकों पर लागू होगा। मुझे नियमानुसार, इस पद पर नियुक्त किया गया है। व्हिप मुख्यमंत्री शिंदे पर भी लागू होगा।
बता दें कि आज बुधवार 17 अगस्त को सुबह 11 बजे शुरू हुआ मानसून सत्र 25 अगस्त को समाप्त होगा।