ब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनमुंबई शहर

पंचतत्व में विलीन हुईं माधुरी दीक्षित की मां; एक्ट्रेस ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई!

91 साल की उम्र में माधुरी दीक्षित की माँ का निधन; गम में डूबी धक-धक गर्ल

मुंबई: बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा माधुरी दीक्षित पर इन दिनों दु:खों का पहाड़ टूट गया है। रविवार सुबह उनकी मां का निधन हो गया। हाल ही में फिल्म इंडस्ट्री अचानक हुई सतीश कौशिक की मौत से स्तब्ध थी। इसी बीच माधुरी की मां के निधन की खबर ने सभी को दुखी कर दिया है। एक्ट्रेस उनकी मां के काफी करीब थीं।
माधुरी दीक्षित की मां का आज यानी 12 मार्च 2023 की सुबह 8.40 बजे निधन हो गया। एक्ट्रेस की मां स्नेहलता देशमुख की उम्र 91 साल थी। वहीं शाम होते-होते उनका अंतिम संस्कार हुआ, जिसमें कई फ़िल्मी हस्तियां शामिल हुई। मां की अंतिम यात्रा में माधुरी दीक्षित अपने पति डॉ श्रीराम नेने और बेटे अरिन और रयान के साथ नजर आईं। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के वर्ली स्थित एक श्मशान घाट में हुआ। माधुरी दीक्षित मां के काफी करीब थीं ऐसे में उनके निधन से माधुरी काफी दुखी और स्तब्ध हैं। करियर की शुरुआत में माधुरी हर पल अपनी मां के साथ रहती थीं ऐसे में अब वो उन पलों को याद कर काफी दुखी हैं। स्नेहलता पिछले कुछ समय से बिस्तर पर थीं, वह बीमार चल रही थीं। मां के निधन से एक्ट्रेस को गहरा सदमा पहुंचा है। उनका पूरा परिवार इस समय काफी दुखी है।

मां के साथ सेलिब्रेट किया उनका आखिरी बर्थडे
माधुरी ने पिछले साल जून में मां के साथ काफी अच्छे से उनका बर्थडे सेलिब्रेट किया था। अपनी मां के साथ एक पिक्चर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा था- ‘हैप्पी बर्थडे आई’! कहते हैं कि एक मां एक बेटी की सबसे अच्छी दोस्त होती है। वे वाकई सही कहते हैं। आपने मेरे लिए जो कुछ भी किया है, आपने जो सबक सिखाया है, वह आपके लिए मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार है। मैं आपके केवल अच्छे स्वास्थ्य और खुशी की कामना करती हूं।

माधुरी के करियर में मां का बड़ा योगदान
माधुरी दीक्षित के करियर के शुरुआती दौर में उनकी मां ने काफी साथ दिया था। फिल्म की शूटिंग से लेकर इवेंट तक, माधुरी की मां हमेशा उनके साथ रहती थीं। एक्ट्रेस उनकी मां के काफी करीब थीं। माधुरी के अनुसार, उनकी मां ने ही उन्हें जमीन से जुड़े रहना सिखाया।

जानें- माधुरी के परिवार में कौन-कौन?
बता दें कि स्नेहलता दीक्षित के चार बच्चों में माधुरी दीक्षित सबसे छोटी हैं। उनसे बड़ी 2 बहनें और एक भाई हैं। माधुरी दीक्षित की बड़ी बहनों के नाम भारती और रूपा हैं, जबकि भाई अजीत दीक्षित हैं। माधुरी के पिता का नाम शंकर था। वे पेशे से इंजीनियर थे। सितंबर, 2013 में 91 साल की उम्र में उनका निधन हो गया था।
माधुरी दीक्षित ने भारतीय मूल के अमेरिकन डॉक्टर श्रीराम नेने से 1999 में शादी की थी। माधुरी के दो बेटे अरिन और रयान हैं। शादी के बाद माधुरी दीक्षित अमेरिका चलीं गई थीं। हालांकि, अब वे भारत और अमेरिका आती-जाती रहती हैं। फिल्मों की बात करें तो माधुरी दीक्षित आखिरी बार 2022 में आई फिल्म ‘माजा मा’ में नजर आई थीं। वहीं, 2022 में ही उन्होंने वेब सीरिज ‘फेम गेम’ में भी काम किया है।