पालघरब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

पालघर के अस्पताल में मनसे कार्यकर्ताओं ने की तोड़फोड़, मेडिकल बिल विवाद को लेकर डॉक्टर पर हमला; 9 लोग गिरफ्तार

पालघर: महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक मरीज के बिल को लेकर हुए विवाद के बाद लोगों के एक समूह ने अस्पताल प्रमुख पर कथित तौर पर हमला बोल दिया और अस्पताल में तोड़फोड़ की जिसमें एक अस्पताल प्रमुख गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार को हुई जिसके बाद 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बालासाहेब पाटिल ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि करीब 20 से 25 लोग बोईसर इलाके में स्थित अस्पताल में घुस गए, डॉक्टरों पर हमला किया और चिकित्सा सुविधा को नुकसान पहुंचाया।
पुलिस अधीक्षक पाटिल ने बताया कि अस्पताल के प्रमुख डॉक्टर स्वप्निल शिंदे इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें पड़ोसी राज्य गुजरात के वापी शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पाटिल ने कहा कि घटना के सिलसिले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता और महाराष्ट्र मेडिकेयर सर्विस, पर्सन्स एंड मेडिकेयर इंस्टीट्यूशंस (हिंसा और नुकसान या संपत्ति की हानि की रोकथाम) अधिनियम के प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज किया गया।
उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने प्रतिनिधिमंडल के शनिवार को उनसे मिलने के बाद डॉक्टरों को सुरक्षा का आश्वासन दिया है।
शिंदे ने पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के पदाधिकारी मरीजों के अस्पताल के बिल में कमी की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आगे दावा किया कि हम आभारी हैं, लेकिन वे कभी बिल का भुगतान करते ही नहीं हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनसे पालघर (ग्रामीण) जिलाध्यक्ष समीर मोरे ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ शिंदे अस्पताल में जाकर तोड़फोड़ की और डॉक्टर की बेरहमी से पिटाई कर दी। डॉक्टर का नाम स्वप्निल शिंदे है, जिनका बोईसर इलाके में ही ‘शिंदे अस्पताल’ है। इस घटना का वीडियो अब वायरल हो रहा हैं।
वहीँ, डॉक्टर का आरोप है कि जब समीर मोरे से कोविड-19 काल के दौरान दिए गये इलाज का पेंडिंग बिल मांगा गया तो मनसे नेता ने अस्पताल में हंगामा किया। पिटाई में डॉक्टर के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए गुजरात के वापी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पिटाई का यह वीडियो अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। अस्पताल में मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में बोईसर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल, बोईसर पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और अभी तक किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है। इस घटना से इलाके के डॉक्टर नाराज हो गए है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे है। इस बीच डॉक्टरों के संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस उचित कार्रवाई नहीं करती है तो विरोध प्रदर्शन किया जायेगा।