जम्मू कश्मीरब्रेकिंग न्यूज़

प्रख्यात संतूर वादक भजन सोपोरी का निधन, लंबे समय से थे बीमार

नयी दिल्ली: गुरुवार को प्रख्यात संतूर वादक भजन सोपोरी का गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया। वे 73 वर्ष के थे व लंबे समय से बीमार चल रहे थे। परिवार के सदस्यों ने यह जानकारी दी।
सोपोरी के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे सौरभ तथा अभय हैं। दोनों बेटे भी संतूर वादक हैं। सोपोरी को उनके करियर में कई नामी पुरस्कारों से नवाज़ा गया। इनमें 2004 में पद्म श्री, 1992 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और जम्मू कश्मीर स्टेट लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड शामिल है। सोपोरी ने पश्चिमी शास्त्रीय संगीत वाशिंगटन विश्वविद्यालय से और हिंदुस्तानी संगीत अपने पिता और दादा से सीखा था। वे संतूर के संत नाम से मशहूर थे।
पंडित सोपोरी का जन्म वर्ष 1948 में श्रीनगर में हुआ था। उनका पूरा नाम भजन लाल सोपोरी और पिता का नाम पंडित शंभूनाथ सोपोरी था। वह भी एक संतूर वादक थे। भजन सोपोरी का ताल्लुक कश्मीर के प्रसिद्ध सोपोरी सूफियाना घराने से है। भजन सोपोरी ने भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में सोपोरी बाज की स्थापना की। शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म श्री, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, जम्मू-कश्मीर सरकार लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड 2016, जम्मू-कश्मीर राज्य पुरस्कार-2007 आदि पुरस्कार से नवाज़े गए थे।