उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़

प्रमोद तिवारी बने राज्यसभा के उपनेता, रजनी पाटिल को कांग्रेस ने सचेतक नियुक्त किया

नयी दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्षा सोनिया गांधी ने शनिवार को राज्यसभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी को पार्टी का उपनेता और रजनी पाटिल को सचेतक नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह जानकारी दी। बजट सत्र के दूसरे चरण से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी ने ये एलान किया है।
बता दें कि प्रमोद तिवारी व्यापक जनाधार वाले नेता हैं। वे तीन बार से राज्यसभा सदस्य हैं और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं, जिन्हें अब पार्टी का उपनेता नियुक्त करने की मंजूरी दी गई है। जबकि, रजनी पाटिल महाराष्ट्र से दूसरी बार राज्यसभा सदस्य हैं। रजनी पाटिल फिलहाल, अनियंत्रित व्यवहार के लिए संसद के पूरे बजट सत्र में राज्यसभा से निलंबित हैं। उन्हें पार्टी ने सचेतक नियुक्त किया है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर इसकी जानकारी देते हुए कहा, कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने प्रमोद तिवारी को राज्यसभा में पार्टी का उपनेता और रजनी पाटिल को सचेतक नियुक्त करने को स्वीकृति दे दी है।
गौरतलब है कि बजट सत्र का दूसरा चरण आगामी 13 मार्च से शुरू होने जा रहा है। पहले चरण की कार्यवाही (लोकसभा और राज्यसभा) को 13 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया गया था और इस चरण में हिडनबर्ग की रिपोर्ट को लेकर विपक्षी सदस्यों ने संसद में केंद्र के खिलाफ जमकर हल्ला बोला था।