महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्यसामाजिक खबरें

…जब बच्चे को नाले में बहता देख बिल्लियों ने मचाया शोर, मुंबई पुलिस ने बचाई जान!

मुंबई: जाको राखे साइयां, मार सके न कोय…वाली कहावत देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में एक बार फिर सच साबित हुई है! यहां एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां नाले में बह रहे एक बच्चे को देखकर कुछ बिल्लियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया! इसके बाद स्थानीय लोगों की नज़र उस पर पड़ी और उन्होंने मुंबई पुलिस को इसकी सूचना दी। मुंबई पुलिस की टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची और बच्चे को बचा लिया गया।
घटना मुंबई के पंतनगर इलाके की है। सोमवार शाम को किसी ने बच्चे को नाले में बहा दिया था। इस घटना के बारे में मुंबई पुलिस ने ट्वीट कर कहा- ‘कपड़े में लिपटे बच्चे को सड़क पर घूम रही कुछ बिल्लियों ने देखा, जिसके बाद वो शोर मचाने लगीं, आसपास के लोग बिल्लियों का शोर सुनकर बाहर निकले। लोगों ने पंतनगर पुलिस स्टेशन को तुरंत सूचित किया और मुंबई पुलिस का निर्भया दस्ता, जो शहर में अपराध के हॉटस्पॉट पर गश्त करता है, वो मौके पर पहुंच गया।’

बच्चे के माता-पिता की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने बच्चे के साथ अधिकारियों की एक तस्वीर के साथ पोस्ट किए गए एक ट्वीट में कहा-पंतनगर पुलिस स्टेशन के निर्भया दस्ते द्वारा बच्चे को राजावाड़ी (अस्पताल) ले जाया गया और अब वह सुरक्षित है और ठीक हो रहा है। बच्चे के माता-पिता या उसे फेंकने वाले लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के हॉस्पिटल में पड़ताल शुरू कर दी है।