बिहारब्रेकिंग न्यूज़

बिहार के नवादा में कर्ज से परेशान परिवार के 6 लोगों ने खाया ज़हर; पांच की मौत!

नवादा: बिहार के नवादा में एक ही परिवार के पांच सदस्यों ने आर्थिक तंगी से परेशां होकर आत्महत्या कर ली है। परिवार कर्ज से परेशान था और सभी ने एक मजार के पास जाकर ज़हर खा लिया। एक सदस्य की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, घटना न्यू एरिया गढ़ का है। परिवार के मुखिया समेत 6 सदस्यों ने जहर खाया था, जिनमें से 18 साल की बेटी साक्षी कुमारी ही जिंदा बची है। मृतकों में शामिल हैं- केदार लाल गुप्ता, उनकी पत्नी अनिता कुमारी, 20 वर्षीय गुड़िया कुमारी, 19 वर्षीय शबनम कुमारी और 17 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार। परिवार पर कर्ज था और पैसे मांगने वाले आए दिन उन्हें परेशान कर रहे थे।
यह परिवार मूल रूप से रजौली का रहने वाला था। केदारलाल गुप्ता किराए के मकान में रहते थे और फल बेचने का काम करते थे। वर्षों से परिवार इसी स्थान पर रह रहा था। हालाँकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि कर्ज किससे, कितना और क्यों लिया था? परिवार के सभी सदस्य अपने किराए के मकान से कुछ दूर स्थित आदर्श सोसायटी की मजार पर गए और वहां जहर खा लिया। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही दो सदस्यों की मौत हो गई थी। शेष को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां साक्षी को छोड़कर बाकी 3 सदस्यों की मौत हो गई। साक्षी को पटना रेफर किया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि साक्षी जिंदा बचती है, तो उसके बयान के आधार पर ही सामने आएगा कि कर्ज लौटाने के लिए कौन परेशान कर रहा था। पुलिस ने मकान की छानबीन कर ली है। मकान मालिक का भी बयान लिया गया है। उनके रिश्तेदारों के बारे में पता लगाया जा रहा है।