ब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनमुंबई शहर

ब्लड रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शक्ति कपूर के बेटे सिद्धांत कपूर गिरफ्तार, ड्रग्स लेने का है आरोप

मुंबई: हिंदी सिनेमा के मशहूर विलेन शक्ति कपूर के बेटे सिद्धांत कपूर को बेंगलुरु पुलिस ने ड्रग्स सेवन के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सिद्धांत को एक रेव पार्टी में छापे के दौरान पकड़ा था। उन्हें पहले हिरासत में रखा गया था, मगर ब्लड टेस्ट रिपोर्ट में ड्रग्स सेवन की पुष्टि होने के बाद सिद्धांत को गिरफ्तार कर लिया गया।
डीसीपी डॉ. भीमाशंकर एस गुलेड ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि इस बात की पुष्टि हो चुकी है कि बॉलीवुड कलाकार शक्ति कपूर के बेटे सिद्धांत कपूर ने ड्रग्स लिया था। ड्रग्स के लिए उनकी ब्लड टेस्ट रिपोर्ट में पॉजिटिव आयी है। इसलिए, उन्हें उलसूर पुलिस स्टेशन लाया गया है।
बता दें, रविवार रात को बेंगलुरु के एमजी रोड स्थित एक महंगे हॉटल में रेव पार्टी चल रही थी, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना मिलने पर छापा मारा था। यहां सिद्धांत के अलावा चार और लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने होटल प्रबंधन को भी नोटिस भेजकर कुछ सवालों के जवाब तलब किये हैं।
पुलिस के मुताबिक, जिस पार्टी में सिद्धांत मौजूद थे, वहां लगभग 35 लोगों को बुलाया गया था। छापे के बाद सभी लोगों की मेडिकल जांच करवायी गयी थी। इनमें से सिद्धांत समेत 5 लोगों की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। पुलिस ने छापे में सात उत्तेजना बढ़ाने वाली गोलियां (Ecstasy Pills) और एक पैकेट प्रतिबंधित नशीला पदार्थ भी बरामद किया था। सभी आरोपियों को नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोॉपिक सब्सटेंसेज एक्ट (एनडीपीएस) के तहत सेक्शन 22 ए, 22 बी और 27बी के तहत गिरफ्तार किया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार शाम एक रेव पार्टी में पुलिस ने छापा मारकर 6 लोगों को गिरफ्तार किया, जिसमें कथित तौर पर श्रद्धा कपूर के भाई सिद्धांत कपूर का नाम भी शामिल है। बेटे पर लगे इन आरोपों पर अब शक्ति कपूर का भी रिएक्शन आया है।
इस मामले में शक्ति कपूर ने मीडिया से कहा- मैं केवल एक ही बात कह सकता हूं…यह बिल्कुल संभव नहीं है। उन्होंने आगे कहा, मैं जब सुबह 9 बजे उठा, तो ऐसी खबरें आ रही थी कि उन्हें हिरासत में लिया गया है। मुझे कोई आइडिया नहीं है। पूरी फैमिली कॉन्टैक्ट करने की कोशिश कर रही है, लेकिन कोई कॉट पिक नहीं कर रहा, मुझे समझ नहीं आ रहा कि चल क्या रहा। मुझे न्यूज चैनलों से ही पता चला। अब तक मुझे केवल इतना पता है कि कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और सिद्धांत को केवल हिरासत में लिया गया है।
हालांकि, जब शक्ति कपूर से पूछा गया कि क्या सिद्धांत कपूर बेंगलुरु गए थे? तब एक्टर ने कहा, हां, वह एक डीजे है और वह पार्टियों में अपने काम के लिए जाता रहता है, और इसी के लिए वह बेंगलुरु में था। मुझे नहीं पता कि ये सारी खबरें कहां से आ रही हैं। मैं बहुत जल्द अपने बेटे से बात करूंगा। मुझे बस इतना पता है कि यह सच नहीं हो सकता है।