बिहारब्रेकिंग न्यूज़

प्रेम-प्रसंग मामला: बिहार में छह लड़कियों ने खाया ज़हर; 3 की मौत, तीन की हालत गंभीर

पटना: बिहार के औरंगाबाद जिले के कासमा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना प्रकाश में आई है। यहां छह लड़कियों ने एक साथ ज़हर खा लिया, जिससे 3 लड़कियों की मौत हो गई, जबकि तीन लड़कियों को गंभीर हालत में मगध मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
खबरों के मुताबिक, औरंगाबाद जिले के कासमा थाना क्षेत्र के चिरैला गांव में शुक्रवार की देर शाम जहरीला पदार्थ खाने से 3 बच्चियों की मौत हो गई। इनके अलावा 3 अन्य गंभीर रूप से बीमार हैं, जिनमें 2 की हालत गंभीर बनी है। प्रेम-प्रसंग के विवाद के बाद यह घटना घटी है।
मृतकों में 2 लड़कियों की उम्र 14 साल, जबकि एक की उम्र 15 साल है। तीनों अलग-अलग परिवार की हैं। इस घटना में 12 वर्ष,13 वर्ष और 15 वर्ष की 3 लड़कियां गंभीर रूप से बीमार हैं। इनमें एक मरने वाली लड़की की सगी बहन है।
सभी सहेलियां गांव से बाहर तालाब की तरफ गई थीं। बाद में खेत में ही सभी ने जहर खा लिया। कुछ देर बाद हालत बिगड़ने लगी तो लोगों को इसकी भनक लगी। हालांकि, लड़कियों ने एकसाथ जहर क्यों खाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक लड़कियों में एक का प्रेम अपने भाई के साले के साथ था। उसने अपनी सहेलियों के साथ युवक के सामने प्रेम का इज़हार और शादी की पेशकश की थी लेकिन लड़का इनकार कर वहां से चला गया।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ अवधेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष राजगृह प्रसाद, मुखिया प्रतिनिधि अनुज कुमार सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।