ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

मप्र: सीधी में भीषण सड़क हादसा: आठ लोगों की मौत; यात्रियों से भरी बस टनल में गिरी

सीधी: मध्य प्रदेश के सीधी जिले में शुक्रवार देर शाम एक बस दुर्घटनाग्रस्‍त हो गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मोहनिया टनल के पास एक यात्री बस पलट गई। इस हादसे में 8 लोगों के मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि बस में कुल 50 यात्री सवार थे। हादसे में करीब तीन दर्जन लोग घायल हुए हैं। इनमें से 12 यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा कि ये सभी सीधी से अमित शाह की रैली में शामिल होने के लिए सतना आए थे।
प्रत्‍यक्षदर्शियों के अनुसार, अनियंत्रित बस मोहनिया टनल के पास अचानक पलट गई। रात का समय होने से बचाव कार्य में काफी दिक्‍कत आ रही है। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्‍ठ अधिकारी भी मौके पर पहुँच चुके हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, तीन बसों की आपस में टक्कर हुई जिसके बाद बस टनल में गिर गई।

मुख्यमंत्री ने प्रकट किया शोक
इस हादसे पर मुख्यमंत्री शिवराज ने शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि सीधी में बस पलटने से हुई दुर्घटना का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों के शीघ्र पूर्णत: स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। सीधी जिला प्रशासन, कलेक्टर और एसपी घटनास्थल पर मौजूद हैं। रीवा कमिश्नर और आईजी घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। रीवा मेडिकल कॉलेज और सीधी जिला अस्पताल में घायलों के इलाज के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिये हैं। दु:ख की इस घड़ी में मैं और प्रदेशवासी शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बस दुर्घटना का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री लगातार सीधी और रीवा जिला प्रशासन से संपर्क में हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।
सीधी बस हादसे पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने घायलों के समुचित इलाज का प्रबंध करने की बात कही है। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के निर्देश पर सीधी के बीजेपी कार्यकर्ता घटना पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन की मदद कर रहे हैं।

दिग्विजय बोले- मृतक के परिजनों को मिले 50 लाख मुआवजा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा है कि एमपी के सतना में अमित जी के आतिथ्य में हुए शिवराज सरकार के इवेंट से सीधी लौट रही बसों के टकराने से 8 लोगों की मौत की दुःखद खबर है। 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। चूंकि कार्यक्रम सरकारी था इसीलिए मुख्यमंत्री जी दुर्घटना की जिम्मेदारी लें व दोषी अधिकारियों को बर्खास्त करें। बस दुर्घटना में मृत हुए प्रत्येक लोगों के परिजनों को 50 लाख व घायलों के लिए 5 लाख रुपए की मुआवजा राशि की अविलंब घोषणा करें।