पुणेमनोरंजनमहाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

पुणे: नकली बंदूक लेकर मराठी एक्ट्रेस सोनाली कुलकर्णी के घर में घुसा शख्स, पूछताछ में चौंकाने वाली बात आई सामने…

पुणे: मराठी फिल्म अभिनेत्री सोनाली कुलकर्णी के पिता के घर में मंगलवार को एक शख्स ने घुसकर उन्हें चाकू मारकर घायल कर दिया। इस हमले में सोनाली कुलकर्णी के पिता मनोहर कुलकर्णी के हाथ में चोट आई है। बताया जा रहा है कि, सोनाली के पिता और हमलावर के बीच घर में हाथापाई भी हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना अभिनेत्री के निगडी स्थित आवास पर हुई जब उनके माता-पिता घर पर थे। एक अनजान शख्स नकली बंदूक और चाकू लेकर एक्ट्रेस के घर की छत के रास्ते घर के अंदर आ गया। हमलावर सुबह करीब 7.30 बजे उनके घर में दाखिल हुआ। उसे सबसे पहले घर में काम करने वाली सोनाली की मेड ने देखा था। परिवार की घरेलू सहायिका ने उसे देख लिया। उस व्यक्ति ने कहा कि पुलिस उसका पीछा कर रही है और उसे छिपने की जगह चाहिए।

हाथापाई के दौरान लगा चाकू
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस बीच अभिनेत्री के पिता मनोहर कुलकर्णी ने उसे पकड़ने की कोशिश की और हाथापाई में उन्हें चाकू से मामूली घाव लग गया। उन्होंने बताया कि जब यह व्यक्ति अपार्टमेंट से भागा तब वहां के निवासियों ने उसे पकड़ लिया एवं पुलिस के हवाले कर दिया।

हमलवार निकला सोनाली का फैन
पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार किए गए 24 वर्षीय व्यक्ति की पहचान कर ली गई है। निगडी पुलिस स्टेशन के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आदमी के घर में घुसने के पीछे के मकसद की जांच की जा रही है। हमारी प्राथमिक जांच से पता चला है कि वह अभिनेत्री का प्रशंसक है। उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पुलिस उसके अपार्टमेंट में प्रवेश करने की मंशा पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
बता दें कि सोनाली कुलकर्णी मराठी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस हैं। उन्होंने मराठी फिल्म नटरंग में अप्सरा आली गाने से खूब लोकप्र‍ियता हास‍िल की थी। वे हिंदी मूवी ग्रैंड मस्ती में रितेश देशमुख की पत्नी ममता के किरदार में और सिंघम रिटर्न्स में कैमियो अपीयरेंस दे चुकी हैं।