Uncategorisedदिल्लीनागपुरपुणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

महाराष्ट्र: पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ याचिकाएं दायर करने वाला वकील गिरफ्तार

नागपुर: महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फड़नवीस के खिलाफ कई याचिकाएं दाखिल करने वाले नागपुर के वकील सतीश उके को गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी एक भूखंड की खरीद-फरोख्त में अनियमितता बरतने के मामले में हुई है। नागपुर के वकील सतीश उके बीजेपी नेताओं पर कई याचिकाएं दायर करने के कारण चर्चा में रहे हैं, लेकिन खुद उन पर भी नागपुर में ही महंगे इलाकों के भूखंड गलत तरीकों से खरीदने के आरोप लगे हैं। इस मामले में नागपुर क्राइम ब्रांच द्वारा सतीश उके व उनके भाई प्रदीप उके की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। ये गिरफ्तारियां होने के बाद से सतीश उके प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के भी निशाने पर आ गए थे।

क्या है पूरा मामला?
गुरुवार को सुबह छह बजे मुंबई से गई ईडी की दो टीमों ने सीआरपीएफ की कड़ी सुरक्षा के बीच सतीश उके के दो ठिकानों पर छापे मारे। उन्हें और उनके भाई को हिरासत में लेकर ईडी नागपुर के अपने कार्यालय ले गई। जहां पांच घंटे पूछताछ के बाद उके को गिरफ्तार कर लिया गया। सतीश उके के साथ ईडी की टीम उनका लैपटाप और उनके परिवार के चार मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गई। इन गैजेट्स की जांच की जा रही है। सतीश का भाई प्रदीप भी फिलहाल ईडी की हिरासत में है। सतीश उके भाजपा नेताओं पर कई सनसनीखेज आरोप लगाने के कारण चर्चा में रहे हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर आरोप लगाया था कि उन्होंने 2014 के विधानसभा चुनाव में झूठा हलफनामा दाखिल किया था। उन्होंने खुद पर दर्ज धोखाधड़ी व जालसाजी के दो मामलों को छुपाया था। उके ने फड़नवीस के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग की थी। उके महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले के भी वकील हैं। पटोले ने हाल ही में महाराष्ट्र की पूर्व खुफिया प्रमुख रश्मि शुक्ला पर 500 करोड़ रुपयों का मानहानि का दावा दायर किया है। इस मामले में सतीश उके उनके वकील हैं।