गडचिरोलीमहाराष्ट्रशहर और राज्य

महाराष्ट्र: मां के साथ झगड़ा कर रहा था बेटा, छुड़ाने गए पिता तो मार डाला!

गड़चिरोली: मां-बेटे के बीच शुरू विवाद को झुलझाने गये पिता की बेटे ने लाठी से पीटकर हत्या कर दी। यह घटना शनिवार को गड़चिरोली तहसील के पोटेगांव पुलिस सहायता केंद्र अंतर्गत आने वाले गट्टेगुडा गांव में घटी। मृतक नाम थुमाजी गणु भोयर (70) है। आरोपी बेटे का नाम पुरूषोत्तम थुमाजी भोयर (38) है। शनिवार को पोटेगांव पुलिस ने आरोपी पुरूषोत्तम को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की रात 8 बजे आरोपी पुरूषोत्तम भोयर शराब के नशे में धुत होकर अपनी मां के साथ विवाद कर रहा था। मां-बेटे के बीच हो रहे विवाद को थुमाजी सुलझाने का प्रयास करने लगे। किंतु शराब के नशे में धुत पुरूषोत्तम का गुस्सा चरम पर पहुंचने से उसने अपने पिता के सिर पर लाठी से हमला कर दिया। जिसमें थुमाजी गंभीर रूप से घायल हो गये। घायल अवस्था में भी वह अपनी पत्नी को लेकर गांव के विवाद मुक्त समिति के पास पहुंचकर न्याय देने की मांग की। जहां समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल जाने और पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करने की सलाह दी। मात्र वह अस्पताल में जाने के बजाय घर में ही रहा। ऐसे में शनिवार की सुबह थुमाजी की मृत्यु हो गयी। इधर घटना की जानकारी मिलते ही पोटेगांव पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। आरोपी पुरूषोत्तम को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच पोटेगांव पुलिस कर रही है।