उत्तर प्रदेशदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

महाराष्ट्र में रहने वाले यूपी के मतदाताओं पर बीजेपी की पैनी नज़र, ‘कृपा भैया’ ने संभाला मोर्चा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब राज्य के लगभग तीन करोड़ मतदाताओं पर नजर गड़ाए हुए है जो अन्य राज्यों, विशेषकर महाराष्ट्र में रह रहे हैं।
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने विभिन्न राज्यों में अपनी इकाइयों से उत्तर प्रदेश के उन निवासियों की सूची तैयार करने को कहा है जो उनके राज्यों में रह रहे हैं।
पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, दिल्ली और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में रह रहे हैं। वे यूपी में मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं, लेकिन अक्सर यहां अपना वोट डालने नहीं आते हैं। हम राज्य विधानसभा चुनाव से पहले इन मतदाताओं से संपर्क करने की योजना बना रहे हैं।
अन्य राज्यों में रहने वाले भाजपा सदस्यों को अब उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा किए गए कार्यों के बारे में अपने-अपने राज्यों में जागरूकता पैदा करने के लिए कहा जाएगा।
पार्टी विशेष रूप से महाराष्ट्र पर ध्यान केंद्रित करेगी जिसमें बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश के लोग काम कर रहे हैं।
महाराष्ट्र में बसे लोगों के अलावा वहां काम करने वाले प्रवासी कामगारों की बड़ी आबादी है लेकिन उनके परिवार उत्तर प्रदेश में रहते हैं।
महाराष्ट्र के पूर्व गृहराज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, जो महाराष्ट्र में रहने वाली उत्तर भारतीय आबादी के एक लोकप्रिय नेता हैं, उनको भाजपा ने अधिक से अधिक उत्तर भारतीयों को पार्टी में लाने का जिम्मा सौंपा है। कृपाशंकर सिंह खुद उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं।
दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ में मौजूद बीजेपी नेता कृपाशंकर सिंह ने गुरुवार को बातचीत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के लगभग 45 लाख लोग महाराष्ट्र में रहते हैं। मैं विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा करूंगा ताकि उन्हें बीजेपी के पक्ष में किया जा सके।
उन्होंने आगे कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित करने, भ्रष्टाचार मुक्त

प्रशासन सुनिश्चित करने, निवेश आमंत्रित करने और महामारी के दौरान कोविड को नियंत्रित करने के लिए किए गए कार्य अनुकरणीय हैं। हम अपने समर्थकों को सूचित करेंगे जो इसका प्रसार अपने राज्यों में यूपी के अन्य निवासियों के बीच करेंगे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में रहने वाले उत्तर भारतीय निश्चित रूप से शिवसेना को वोट नहीं देंगे, जिसने गैर-महाराष्ट्रियों को बड़े पैमाने पर निशाना बनाया था। उन्होंने कहा, जो लोग शिवसेना के साथ जाते हैं, वे उत्तर भारतीय नहीं हो सकते।
बता दें कि कृपाशंकर सिंह पहले कांग्रेस में थे, परन्तु हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं और उन्हें महाराष्ट्र इकाई में उपाध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है।

पीएम मोदी के जन्मदिन पर 20 दिवसीय समारोह
यूपी में भाजपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीति में 20 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 20 दिवसीय ‘सेवा और समर्पण अभियान’ की शुरूआत 17 सितंबर से करेगी, जो उनका 71वां जन्मदिन भी है।
पार्टी 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक राज्य भर में स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, स्वच्छता और टीकाकरण अभियान के अलावा पर्यावरण संरक्षण अभियान भी आयोजित करेगी। यह भी निर्णय लिया गया कि राज्य में योगी आदित्यनाथ सरकार के साढ़े चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में पार्टी 19 सितंबर को सभी 27,700 शक्ति केंद्रों में 1.63 लाख बूथों पर ‘चौपाल’ आयोजित करेगी।
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के अनुसार, उद्देश्य राज्य सरकार के विभिन्न निर्णयों को जनता तक पहुंचाना है।
20 सितंबर को भाजपा के सभी विधायक जनता के बीच पहुंचेंगे और उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों के बारे में बताएंगे। इसके बाद 26 सितंबर से घर-घर जाकर प्रचार किया जाएगा।
महात्मा गांधी की जयंती पर 2 अक्टूबर को संभाग स्तर पर स्वच्छता अभियान चलेगा।
आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और अभियानों पर विस्तार से चर्चा करने के बाद कार्य योजना तैयार की गई।
इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 11 सितंबर को ‘बूथ विजय अभियान’ की शुरूआत करेंगे। इसके साथ ही पार्टी 11 सितंबर से 20 सितंबर तक ‘पन्ना प्रमुखों’ की नियुक्ति का काम भी पूरा करेगी।