ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र में 31 मई तक बढ़ सकता है लॉकडाउन, लेकिन दी जाएगी ढील

मुंबई: कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए महाराष्ट्र में लॉकडाउन 31 मई तक बढ़ाया जा सकता है। हालांकि 17 मई के बाद लॉकडाउन में थोड़ी ढील भी दी जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र विकास आघाड़ी के मंत्रियों की सीएम उद्धव ठाकरे के साथ बैठक में हुई चर्चा के बाद ये फैसला किया गया है।
कंटेनमेंट जोन में लॉकडाउन पर सख्ती से अमल किया जाएगा। महाराष्ट्र में उद्योग चरणबद्ध तरीके से शुरू होंगे। महाराष्ट्र के महाविकास आघाड़ी के तीनों दलों के मंत्रियों की बैठक हुई। इस बैठक में महाराष्ट्र सरकार में शामिल तीनों दल शिवसेना , कांग्रेस और एनसीपी के मंत्री शामिल हुए थे।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार, मंत्री बालासाहेब थोरात, अशोक चव्हाण, जयंत पाटील, एकनाथ शिंदे और सुभाष देसाई इस बैठक में शामिल हुए थे। मुंबई के बालासाहेब ठाकरे स्मारक में महाविकास आघाड़ी के मंत्रियों की मुख्यमंत्री के साथ बैठक हुई।

गौरतलब है कि बुधवार रात तक महाराष्ट्र में कोविड-19 संक्रमण की संख्या 25 हजार 922 थी, जिनमें 975 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। अकेले मुंबई में संक्रमण के 15 हजार 747 मामले हैं और 596 मौतें हुई हैं।
देशव्यापी लॉकडाउन को 24 मार्च को लागू किया गया, फिर बाद में इसे दो बार बढ़ाया गया। पहले 14 अप्रैल को, फिर 4 मई को इसकी अवधि बढ़ाई गई। लॉकडाउन का तीसरा चरण 17 मई को समाप्त होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दिए अपने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि लॉकडाउन का चौथा चरण लागू होगा, जो पहले के तीन चरणों से बहुत अलग होगा।