जळगावब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र में 4 बच्चों की हत्या का मामला: तीन आरोपी गिरफ्तार, बड़ी लड़की के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की बात कबूली; खोजी कुत्ते ने आरोपियों तक पहुंचा

जलगांव: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में रावेर तहसील के बोरखेड़ा गांव में शुक्रवार तड़के हुई 4 नाबालिगों बच्चों की हत्या मामले में शनिवार को पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पहले तीन बच्चों की हत्या की और फिर बड़ी लड़की के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया और फिर उसे मार डाला। ताजा जानकारी के मुताबिक, तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है।

मंत्री ने की गिरफ्तारी की पुष्टि
राज्य के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और आरोपियों कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपी आदिवासी समाज से ताल्लुक रखते हैं और सभी की उम्र 21 से 23 साल के बीच में है। जलगांव शहर के गार्जियन मंत्री गुलाबराव पाटिल ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कथित रूप से इन लोगों ने कुल्हाड़ी से वारदात को अंजाम दिया था।

ऐसे आरोपियों तक पहुंची पुलिस
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस जांच में ‘जंजीर’ नाम के कुत्ते से बहुत मदद मिली है। डॉग स्क्वाड से जुड़े इस कुत्ते को वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी सुंघाई गई और इसकी निशानदेही पर पुलिस की टीम रावेर-बरहानपुर मार्ग पर स्थित एक लॉज तक पहुंची। यहां से पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और इनमें से तीन ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। इस मामले को लेकर पुलिस रविवार को एक प्रेस कांफ्रेंस कर सकती है।

आरोपियों ने ऐसे अंजाम दी वारदात
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना इस प्रकार घटी- जब रात को जब बच्चे सो रहे थे, तब आरोपियों ने खिड़की तोड़कर उनके घर में प्रवेश किया और 14 वर्षीय लड़की के साथ बलात्कार करने की कोशिश की। इसी बीच बाकी भाई बहन की नींद टूट गई और वे बीच-बचाव करने लगे। आरोपियों ने एक-एक करके तीनों भाई-बहनों को मारा और फिर बारी-बारी से 14 वर्ष की लड़की के साथ बलात्कार किया। बलात्कार के बाद आरोपियों ने उसकी भी हत्या कर दी और फरार हो गए।

लड़की के शरीर पर नहीं था कोई भी कपड़ा
शुक्रवार तड़के हुई इस घटना में आरोपियों ने 2 लड़के और 2 लड़कियों को मौत के घाट उतारा है। इनकी उम्र 3 से 12 साल के बीच है। चारों के शव खेत में मिले हैं। सबसे बड़ी बच्ची के शरीर पर कोई भी कपड़े नहीं थे। इससे शुक्रवार को पूर्व मंत्री गिरीश महाजन और रावेर सांसद रक्षा खडसे ने सबसे बड़ी बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई थी। घटना की जांच के लिए SIT (विशेष जांच दल) का गठन किया गया है, जिसमें IPS अधिकारी कुमार सिन्हा सहित चार पुलिस निरीक्षक शामिल हैं।

रिश्तेदार के निधन पर MP गए थे माता-पिता
घटना का खुलासा शुक्रवार सुबह हुआ, जब एक किसान ने खेत में शव देखे। बच्चों के माता-पिता मूल रूप से मध्यप्रदेश के खरगोन के रहने वाले हैं और एक रिश्तेदार के निधन के बाद अपने पैतृक गांव गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार सुबह एक कार से वे रावेर पहुंचे। उनके साथ उनका बड़ा लड़का भी था।