उत्तर प्रदेशचुनावी हलचलदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

मिर्जापुर में प्रियंका बोलीं – मोदी नेता नहीं अभिनेता हैं, इससे अच्छा तो अमिताभ बच्चन को बना देते पीएम

मिर्जापुर, लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर हमला बोला। प्रियंका ने मिर्जापुर में एक रैली के दौरान पीएम मोदी को अभिनेता बताया। यही नहीं, उन्होंने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि इससे अच्छा तो अमिताभ को ही पीएम बना देते। प्रियंका की रैली में ओम प्रकाश राजभर की पार्टी के समर्थक भी दिखाए दिए जो राजभर की पार्टी का झंडा हाथ में लिए हुए थे।
मिर्जापुर से कांग्रेस प्रत्याशी ललितेश पति त्रिपाठी के लिए प्रचार करते हुए प्रियंका ने कहा, मोदी जी, नेता नहीं, अभिनेता है। अब आप समझ लीजिए कि आपने दुनिया के सबसे बड़े अभिनेता को अपना पीएम बना दिया है। इससे अच्छा तो आप अमिताभ बच्चन को ही बना देते, करना तो किसी ने कुछ नहीं था आपके लिए।
प्रियंका ने आगे कहा, अगर मोदी फिर पीएम बने तो 5 साल और पिक्चर ही देखनी पड़ेगी, इसलिए तय कर लीजिए कि किसे वोट करना है। जमीन पर काम करने वाले नेता या हवा में उड़ने वाले को। मोदी हर चुनाव में नई कहानी बनाते हैं। पहले कहानी बनाई कि 15 लाख रुपये हर किसी के खाते में जाएंगे, लेकिन वह नहीं हुआ तो फिर नई कहानी बनाई। इस बार किसानों के लिए नई कहानी बनाई और कहा कि किसान सम्मान योजना लाए हैं।
किसान सम्मान नहीं अपमान योजना है
प्रियंका ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘यह किसान सम्मान नहीं किसान अपमान योजना है। उनकी इस योजना के तहत जो किसानों को 2 हजार रुपये पिछले दिनों दिए गए वह अब वापस लेने भी शुरू कर दिए हैं।’ उन्होंने कहा कि अगर किसी के परिवार में 10 लोग हैं तो पीएम की योजना परिवार के प्रत्येक सदस्य को एक रुपये दे रही है।

रैली में प्रियंका ने उतारी पीएम मोदी की नकल
यही नहीं रैली में प्रियंका में पीएम मोदी की नकल उतारते हुए कहा, कल वह मिर्जापुर आए थे और कह रहे थे भइया सपने देखना बुरी बात नहीं हैं। प्रियंका ने आगे कहा लेकिन झूठे सपने दिखाना बहुत बुरी बात है। यह चुनाव हम लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को जिम्मेदारी से वोट जरूर देना चाहिए। प्रियंका ने रैली से पहले रोड शो भी किया था।

सुबह 10 बजकर 55 मिनट पर प्रियंका वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचीं। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए मिर्जापुर के अष्टभुजा पहाड़ी के लिए रवाना हो गई थीं। इसके बाद प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी और अपना दल, कृष्णा गुट के कार्यकर्ता शामिल हो गए। इसके बाद उनका अष्टभुजा हेलीपैड पर प्रियंका का आगमन हुआ। यहा से डंकिन गंज की ओर प्रियंका का काफिला बढ़ने के साथ ही रोड शो की शुरूआत हुई।
प्रियंका गांधी के रोड शो के दौरान सड़कें खचाखच भरी रहीं। प्रियंका के ऊपर लोगों ने फूल माला की बारिश की। इस दौरान प्रियंका गांधी लोगों से पुष्पगुच्छ लेते हुए हाथ मिलाते हुए उनका अभिनंदन करते हुए आगे बढ़ती रहीं। धीरे-धीरे उनका काफिला डंकीनगंज होते हुए बाटा चौराहे पर पहुंच गया, जहां धक्का-मुक्की के बीच जुलूस धीरे-धीरे आगे बढ़ता रहा। रोड शो के दौरान प्रियंका गांधी ने तीन बच्चों को अपने मंच पर बुलाया और दुलारा भी।

मिर्जापुर में प्रियंका गांधी ने किया रोड शो