ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

मुंबई की पूर्व महापौर किशोरी पेडनेकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज, धोखाधड़ी का आरोप, परिवार और कंपनी पर कसा शिकंजा

मुंबई: मुंबई की पूर्व महापौर और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट की नेता किशोरी पेडणेकर बड़ी मुश्किलों में घिर गई हैं। मुंबई पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। किशोरी पेडणेकर समेत किश कार्पोरेट सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड के चार लोगों के खिलाफ मुंबई के निर्मल नगर बांद्रा पूर्व के पुलिस स्टेशन में यह एफआईआर दर्ज हुई है। गोमाता जनता एसआरए प्रोजेक्ट को लेकर धोखाधड़ी के मामले में यह कार्रवाई की गई है।

किरीट सोमैया ने ट्वीट कर लगाए आरोप
इस बात की जानकारी भाजपा नेता किरीट सोमैया ने ट्वीट कर दी है। भाजपा नेता किरीट सोमैया ने कहा कि एक विशेष कंपनी कोर्ट ने शुक्रवार को किशोरी पेडणेकर के बेटे साईप्रसाद पेडणेकर, उनकी फर्म किश कारपोरेट और चार अन्य के खिलाफ 2012 में कंपनी को पंजीकृत करते समय जालसाजी और झूठे दस्तावेज जमा करने के लिए समन जारी किया है। उन्होंने कहा कि किश कार्पोरेट कंपनी को किशोरी पेडणेकर द्वारा झूठे दस्तावेज जमा करके बनाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी को करोड़ों रुपये के कोविड केंद्र के ठेके मिले थे।