ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: कोकीन के साथ पकड़े गए विदेशी ‘बंटी’ और इंडियन ‘बबली’…

मुंबई, कांदीवली पुलिस ने एक ऐसे बंटी और बबली को गिरफ्तार किया है, जो विदेशों से भारत में आकर मादक पदार्थों को बेचने का काम किया करता था। इस गिरोह में पुरुष नाइजीरियन है और महिला भारतीय। दोनों के पास से पुलिस ने 1 लाख 40 हजार रुपये के 20 ग्राम कोकीन समेत एक कार को जब्त किया है।
कांदीवली पुलिस को किसी भारतीय महिला के साथ एक नाइजीरियन कांदीवली के महावीर नगर इलाके में ड्रग्स सप्लाई करने के लिए आने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने महावीर नगर इलाके में जाल बिछाकर दोनों को मादक पदार्थों समेत रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी नाइजीरियन का नाम एंडी मनीम इडोजी (45) है, जिसके साथ 29 वर्षीय एक भारतीय महिला भी थी। बताया जा रहा है कि एंडी लगभग एक साल पहले मुंबई आया था और यहां ड्रग्स का कारोबार करने लगा। उसके साथ पकड़ी गई महिला भी कुछ ही महीने पहले उसके इस नशीले कारोबार से जुड़ गई। महिला ने पुलिस को बताया कि एंडी उसका बॉयफ्रेंड है और दोनों शादी करने वाले हैं। हालांकि, इससे पहले दोनों शादी के जोड़े में बंधते, उन्हें अब हवालात की हवा खानी पड़ेगी। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितिन पोंदकुले ने बताया कि कांदीवली पुलिस एनडीपीएस ऐक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की जांच कर रही है।

नितिन पोंदकुले (वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक)