उत्तर प्रदेशदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई पुलिस ने मंत्री गायकवाड़, असलम शेख और इमरान प्रतापगढ़ी के खिलाफ दर्ज किया FIR

मुंबई: महाराष्ट्र की स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़, कपड़ा मंत्री असलम शेख और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इन पर सार्वजनिक कार्यक्रम में कथित रूप से तलवारें लहराने का आरोप लगा है।
मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि कांग्रेस पदाधिकारियों के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन उपनगरीय बांद्रा इलाके में किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि कथित घटना रविवार रात की है, जब बांद्रा के रंग शारदा भवन में इमरान प्रतापगढ़ी के स्वागत में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक मामला पुलिस के संज्ञान में आने पर यह प्राथमिकी दर्ज की गई।
मुंबई पुलिस कानून और शस्त्र कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें असलम शेख, वर्षा गायकवाड़ और इमरान प्रतापगढ़ी तलवार लहराते हुए देखे जा सकते हैं। भाजपा नेता मोहित कंबोज ने दावा किया कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर यह प्राथमिकी दर्ज की है।
इमरान प्रतापगढ़ी महाराष्ट्र कांग्रेस के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की एक समीक्षा बैठक में शामिल होने के लिए मुंबई आये हुए थे। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है। वर्षा गायकवाड़ धारावी विधानसभा सीट से विधायक हैं, जबकि असलम शेख मलाड (पश्चिम) से विधायक हैं।