ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

मुंबई: फर्जी पासपोर्ट से विदेश भाग रहे एक ही परिवार के चार सदस्य पकड़ाए

मुंबई: मुंबई पुलिस की विशेष शाखा ने शनिवार को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक दंपती और उनके दो नाबालिग बच्चों को फर्जी पासपोर्ट के साथ पकड़ा। यह परिवार अपनी असली पहचान छिपाकर इतालवी शेंगेन वीजा के जरिये विदेश भागने वाला था। उनके खिलाफ पहले से लुकआउट नोटिस जारी था। जांच के दौरान यह पकड़ में आया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार लंदन और भारत के एजेंटों की मदद से लंदन शिफ्ट होने की योजना बना रहा था। इस परिवार को लंदन में प्रवेश करने के बाद 80 लाख रुपये का भुगतान एजेंट को करना था। दंपती की पहचान योगेश कुमार पटेल, शिल्पाबेन पटेल और उनके दो नाबालिग बच्चों के रूप में हुई।
विशेष शाखा के अधिकारी ने बताया कि दंपती को अबुधाबी के लिए उड़ान भरनी थी और उनके पास कैरेबियाई देश त्रिनिदाद और टोबैगो गणराज्य का वर्क वीजा था। उन्होंने बताया कि परिवार के खिलाफ जारी लुकआउट नोटिस में कहा गया था कि इन भारतीय नागरिकों के पास नकली इतालवी शेंगेन वीजा है।
संबंधित एयरलाइंस जर्मन एएलओ या किसी अन्य एएलओ से संपर्क कर सकती है और उन्हें सूचित कर सकती है। हालांकि, उनके पासपोर्ट की जांच करते समय विशेष शाखा अधिकारी को दंपती से कोई शेंगेन वीजा नहीं मिला। इसके बाद अधिकारी परिवार को वरिष्ठ अधिकारियों के पास ले गया। पूछताछ में सामने आया कि वे लंदन में मनीष पटेल नाम के एक एजेंट के संपर्क में थे। उसने 80 लाख रुपये में उन्हें लंदन स्थानांतरित करने का वादा किया था। भारत में उनके एजेंट मुकेश ने स्पेन के वाणिज्य दूतावास से इस परिवार के शेंगेन वीजा के लिए आवेदन किया था लेकिन वही खारिज कर दिया गया था।

परिवार के खिलाफ धोखाधड़ी व जालसाजी का मामला दर्ज
इसके बाद लंदन के एजेंट मनीष पटेल ने अलग-अलग पहचान पर त्रिनिदाद और टोबैगो के वीजा प्राप्त करने में परिवार की मदद की। इस एजेंट की मदद से दंपती ने विकास कुमार छपड़िया, ज्योति छपड़िया, नाबालिग बेटे आर्यन (16) और बेटी रुतवा (12) के रूप में पहचान वाले नकली पासपोर्ट प्राप्त किए। एजेंटों ने उन्हें मुंबई से अबू धाबी और उसके बाद एम्स्टर्डम से पनामा सिटी और वहां से स्पेन तक का टिकट भी दिया। उपलब्ध विवरण के अनुसार भुवनेश्वर से ये पासपोर्ट प्राप्त किए गए थे। सहार पुलिस ने परिवार के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी का मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी ने कहा कि दोनों एजेंटों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।