महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहर

मुंबई: मस्जिद बंदर इलाके की 100 साल पुरानी इमारत ढही, मलबे में फंसे 4 मजदूरों को निकाला गया, एक की मौत

मुंबई, मुंबई की खस्ताहाल इमारतें लगातार हादसों का शिकार हो रही हैं। शुक्रवार को मस्जिद बंदर स्टेशन के करीब नागदेवी क्रॉस लेन स्थित सैयद बिल्डिंग का एक हिस्सा गिर गया है जिसमें 5 मजदूर मलबे में दब गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे दमकलकर्मी मलबे में फंसे 5 में से 4 लोगों को बाहर निकाला, एक की मौत हो गई।
बीएमसी आपदा प्रबंधन ‌‌‌‌विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, नागदेवी स्थित सैय्यद बिल्डिंग में 3 अगस्त को आग लग गई थी। इसे पूरी तरह 5 अगस्त तक बुझा दिया गया था। जिसमें कोई जानमाल की हानि नहीं हुई थी परन्तु इस घटना के बाद से इस इमारत में कोई रह नहीं रहा था। यह इमारत लकड़ी की थी इसलिए उसे ढहाने का आदेश दिया गया था। सैयद बिल्डिंग तकरीबन 100 साल पुरानी और जर्जर थी। कई दिनों से इमारत को तोड़ने का काम चल रहा था और जो मजदूर इस इमारत को गिराने के काम में लगे हुए थे उन्हीं के साथ यह हादसा हुआ। शुक्रवार को बिल्डिंग को गिराने का काम चल रहा था कि अचानक बिल्डिंग ढह गई। इसकी चपेट में 5 मजदूर आ गए। पांचों को घटनास्थल से रेस्क्यू किया गया। इस दौरान दो लोगों को चोट के बाद जेजे अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। दूसरे घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जिसकी स्थिति सामान्य है।