उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई में ज्वेलरी की दुकान से आठ करोड़ रुपये के सोने की चोरी मामले में पुलिस ने 10 लोगों को किया गिरफ्तार

मुंबई: दक्षिण मुंबई के भुलेश्वर इलाके के ज्वेलरी की एक दुकान से आठ करोड़ रुपये के सोने की चोरी के सिलसिले में कम से कम 10 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चोरी की घटना गत 14 जनवरी को हुई थी। विशिष्ट जानकारी के आधार पर पुलिस की छह टीम उत्तर प्रदेश और राजस्थान भेजी गयीं और अभियुक्तों को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने चुराए गये सोने में से ज्यादातर हिस्सा राजस्थान के सिरोही गांव से बरामद कर लिया है। बरामद सोना एक खेत में दबाकर रखा गया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में से चार ने कथित तौर पर भुलेश्वर के पोपलवाड़ी इलाके में संबंधित ज्वेलरी की दुकान में 14 जनवरी को तड़के घुसे थे और वहां से आठ करोड़ रुपये मूल्य के करीब 17.4 किलोग्राम सोने के गहनों की चोरी की थी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी दुकान परिसर से सीसीटीवी का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर भी लेकर फरार हो गये थे, जिसके परिणामस्वरूप पुलिस को चोरों की पहचान करने में काफी दिक्कत हो रही थी। दुकान मालिक की शिकायत पर लोकमान्य तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन में गणेश कुमार देवासी (21), रमेश प्रजापति (21) और तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) विश्वास नांगरे पाटिल ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में विशिष्ट जानकारी प्राप्त हुई थी, जिसके परिणामस्वरूप छह पुलिस दल उत्तर प्रदेश और राजस्थान भेजे गये थे।
उन्होंने कहा कि तकनीकी इनपुट की मदद से प्रजापति को सिरोही में रवदार बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने 4.15 करोड़ रुपये मूल्य का 9070.71 ग्राम सोना बरामद कर लिया गया है, जिसे अभियुक्त ने खेत में दबाकर रखा था।
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान प्रजापति ने खुलासा किया कि चोरी का कुछ सोना उसके रिश्तेदारों के यहां रखा गया है। उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह 1140.19 ग्राम सोना के साथ तीन अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि चोरी का मुख्य साजिशकर्ता देवासी मध्य प्रदेश में छिपा है और तदनुसार उसे इंदौर से गिरफ्तार किया गया। गत 24 जनवरी को देवासी को पनाह देने वाले तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया था। पुलिस चोरी हुई चीजों में से 90 प्रतिशत से अधिक बरामद करने में कामयाब रही है। उन्होंने आगे कहा कि इस सिलसिले में दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, उन्हें भी पुलिस जल्द ही गिरफ्तार कर सकती है।