दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

मुंबई में पीएम मोदी ने किया करोड़ों की परियोजनाओं का उद्घाटन, BMC चुनाव में उद्धव गुट को परास्त करने की तैयारी

मुंबई,(राजेश जायसवाल): गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई में करीब 38,800 करोड़ रुपए की अलग-अलग अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने बांद्रा-बीकेसी स्थित एमएमआरडीए मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा क‍ि आज पूरी दुन‍िया में अर्थव्‍यवस्‍था बदहाल है। ऐसे में हमने करोड़ों लोगों को ‘फ्री राशन’ देने का काम क‍िया है। उन्‍होंने कहा क‍ि आजादी के बाद पहली बार भारत बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस कर रहा है। पिछली शताब्दी का एक लंबा समय गरीबी पर चर्चा करने, दुनिया से मदद मांगने और किसी तरह जीने में बीता। स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार दुनिया ने भारत के संकल्पों पर भरोसा किया।
पीएम मोदी ने कहा क‍ि आजादी के बाद पहली बार न्यू इंडिया के बड़े सपने हैं और उन्हें साकार करने का हौसला है। वरना पिछली सदी का एक लंबा दौर ऐसा रहा है जो गरीबी की चर्चा और विदेशियों से मदद मांगने में खो गया। भारत को लेकर दुनिया में इतनी सकारात्मकता इसलिए है क्योंकि आज सभी को लगता है कि भारत अपने सामर्थ्य का बहुत ही उत्तम तरीके से सदुपयोग कर रहा है। आज भारत अभूतपूर्व आत्मविश्वास से भरा हुआ है।

पीएम ने मराठी में की भाषण की शुरुआत!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत मराठी में ‘माझा सर्व बंधु आणि भगिनी नो नमस्कार करके किया। उन्‍होंने क‍हा क‍ि यहां सड़कों में सुधार हो, मेट्रो हो, स्टेशन हो, एसटीपी प्लांट हो, थोड़ी देर में फेरीवालों को पैसा मिल जाएगा। उन्‍होंने कहा क‍ि अभी श‍िंदेजी दाबोस का अपना अनुभव बता रहे थे आज भारत को लेकर दुनिया भर में उत्साह है। सभी को लग रहा है कि भारत वो कर रहा है जो लोगों की जरूरत है। हमने वो समय देखा है जब गरीब के टैक्स के पैसे घोटालों की भेंट चढ़ जाते थे। पिछले 8 साल में हमने इस सोच को बदला है। आज घर, टॉयलेट, आईआईटी, IIM और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर दे रहा है।

डबल इंजन सरकार में महाराष्‍ट्र के काम में तेजी: PM 
पीएम मोदी ने कहा क‍ि महाराष्ट्र की बात करें तो आने वाले 25 साल में भारत के विकास को गति देने वाला है। 2014 में 10-12 किलोमीटर मेट्रो थी लेकिन सरकार बनी तो 300 किमी मेट्रो पर काम चल रहा है। पिछले कुछ समय में विकास की रफ्तार कम हुई थी लेकिन शिंदे और फडणवीस की डबल इंजन सरकार में काम तेज हुआ है। हमारी धरोहर सीएसटी स्टेशन भी विकस‍ित होने जा रहा है। यहां से मल्टीलेवल कनेक्टिविटी मिलेगी।

कुछ सालों में मुंबई का कायाकल्प होने वाला है: PM
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा क‍ि आने वाले कुछ सालों में मुंबई का कायाकल्प होने वाला है। आसपास के जिलों से आना आसान होगा। धारावी पुनर्विकास, पुरानी चॉल का विकास ट्रैक पर आ रहा है। मुंबई की सड़कों को सुधारने के लिए आज बड़े स्तर पर काम शुरू हुआ है। हम शहरों के पर्यावरण को देखते हुए विकास कर रहे हैं। नदियों में गंदा पानी न मिले, इसके लिए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जा रहे हैं।

न‍िकाय चुनाव को लेकर भी कही ये बात…
पीएम मोदी ने कहा क‍ि मुंबई जैसे शहर में प्रोजेक्ट को तब तक तेज गति से नहीं उतारा जा सकता जब तक स्थानीय निकाय सही हाथों में न हो। अगर विकास को रोका जाएगा तो विकास कैसे होगा। बहुत बड़ी जिम्मेदारी से मैं अपनी बात रख रहा हूं। बीजेपी और एनडीए की सरकार विकास के आड़े नहीं आती लेकिन हमने पहले देखा है कि विकास रोका जाता है, हमने पीएम स्वानिधि पहले चलाई लेकिन बीच में डबल इंजन की सरकार न होने के कारण इसमें अड़ंगे डाले गए।
उन्होंने कहा क‍ि ऐसा न हो इसके लिए जरूरी है कि दिल्ली, राज्य से लेकर मुंबई बीएमसी तक में पॉजीटिव माइंड सेट की सत्ता हो। रेहड़ी पटरी और छोटे व्यापारियों ने 50 हज़ार करोड़ का ट्रांजेक्शन किया है। डिजि‍टल इंडिया की सफलता इस बात का उदहारण है कि सभी का साथ हो तो कुछ भी असंभव नहीं है। उन्‍होंने कहा क‍ि मैं रेहणी पटरी वालों से कहता हूं आप 10 कदम चलिए, मैं 11 कदम चलूंगा और आप डिजिटल पेमेंट करिए।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि आसपास के जिलों से भी मुंबई आना-जाना सुलभ होने वाला है। कोस्टल रोड हो, हिंदू मिल स्मारक हो, नवी मुंबई का एयरपोर्ट हो, ट्रांसफर लिंक हो..सब कुछ अब ट्रैक पर एक राह है और मैं इसके लिए शिंदेजी और देवेंद्रजी को बधाई देते हुए मुंबई की सड़कों को सुधारने के लिए भी आज बहुत बड़े स्तर पर जो काम शुरू हुआ है हम उसमें तेजी लाना चाहते हैं।
ट्रांसफर सिस्टम के लिए भी देश में मिशन मोड पर काम चल रहा है, यही नहीं हमारे शहरों में कूड़े की स्वछता को भी लेकर तेजी से समाधान हो रहा है। हम नई टेक्नोलॉजी से समस्याओं को दूर करने के लिए शहर के विकास के लिए काम कर रहे हैं। देश के पास सामर्थ्य और राजनीति की इच्‍छाशक्ति की किसी भी चीज की कमी नहीं है, लेकिन हमें एक बात और समझनी होगी। मुंबई जैसे शहर में प्रोजेक्ट को तब तक तेजी से नहीं उतारा जा सकता, जब तक स्थानीय निकाय की प्राथमिकता न हो। जब शहरों में सुशासन के लिए समर्पित शासन होता है तब यह काम तेजी से जमीन पर उतरता है। इसलिए मुंबई के विकास में स्थानीय निकाय की भूमिका बहुत बड़ी है। मुंबई के विकास के लिए बजट की कोई कमी नहीं है, मुंबई के हक का पैसा सही जगह पर लगना चाहिए, अगर वो भ्रष्टाचार में लगेगा, पैसा बैंकों की तिजोरी में बंद पड़ा रहेगा, विकास के काम को रोकने की प्रवृत्ति होगी तो फिर मुंबई का भविष्य उज्जवल कैसे होगा? मुंबई के लोग यहां के सामान्य जन, परेशानियां झेलते रहे, ये शहर विकास के लिए तरसता रहे ये स्थिति इक्सवीं सदी के भारत में कभी भी स्वीकार नहीं हो सकती है। और शिवाजी महाराज के महाराष्ट्र में तो कभी नहीं हो सकती है। मैं मुंबई के लोगों की हर परेशानी को समझते हुए बहुत बड़ी जिम्मेदरी के साथ इस बात को रखता हूँ…विकास हमारे लिए पहली प्राथमिकता है। मैं अपने रेहड़ी, ठेले, पटरी वालों से कहना चाहता हूं कि आप मेरे साथ चलिए…आप 10 कदम मेरे साथ चलेंगे तो मैं 11 कदम चलूंगा।

मुंबई को मिली इन परियोजनाओं की सौगात
पीएम मोदी लगभग 12,600 करोड़ रुपये की मुंबई मेट्रो रेल लाइन 2A और 7 का उद्घाटन गुरुवार शाम को किया। दहिसर ई और डीएन नगर (येलो लाइन) को जोड़ने वाली मेट्रो लाइन 2A लगभग 18.6 किमी लंबी है। जबकि अंधेरी ई-दहिसर ई (लाल रेखा) को जोड़ने वाली मेट्रो लाइन 7 लगभग 16.5 किमी लंबी है। इन लाइनों की आधारशिला भी प्रधानमंत्री ने 2015 में रखी थी। प्रधानमंत्री मुंबई 1 मोबाइल ऐप और नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (मुंबई 1) भी लॉन्च किया। प्रधानमंत्री करीब 17,200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सात सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का शिलान्यास किया। ये सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट मलाड, भांडुप, वर्सोवा, घाटकोपर, बांद्रा, धारावी और वर्ली में स्थापित किए जाएंगे।
इसके अलावा 20वें ‘हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे’ आपला क्लिनिक का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री मुंबई में तीन अस्पतालों के पुनर्विकास की आधारशिला भी रखेंगे। 360-बेड वाला भांडुप मल्टीस्पेशलिटी म्युनिसिपल अस्पताल, 306-बेड वाला सिद्धार्थ नगर अस्पताल, गोरेगांव (पश्चिम) और 152-बेड वाला ओशिवारा मैटरनिटी होम। प्रधानमंत्री मुंबई की लगभग 400 किलोमीटर सड़कों के लिए सड़क पक्कीकरण परियोजना शुरू किया। यह परियोजना करीब 6,100 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जाएगी। मुंबई में लगभग 2050 किलोमीटर तक फैली कुल सड़कों में से, 1200 किलोमीटर से अधिक सड़कें या तो पक्की हो चुकी हैं या पक्की होने की प्रक्रिया में हैं। वह छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के रिडेवलपमेंट की आधारशिला भी रखी।

मुंबई हवाई अड्डे पर राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और अन्य गणमान्य लोगों ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।