उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनमहाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिव्यवसायशहर और राज्य

मुंबई से बढ़ेगी यूपी में विकास की रफ्तार, उत्तर भारत के पहले लखनऊ नगर निगम बॉन्ड ने जुटाये 200 करोड़! सीएम योगी ने बीएसई में बेल बजाकर किया सूचीबद्ध

मुंबई, (राजेश जायसवाल): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार की सुबह यूपी में विकास की नई इबारत लिखने की शुरुआत मुंबई से कर दी है। अपने दो दिवसीय मुंबई दौरे के दौरान उन्होंने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में लखनऊ नगर निगम बॉन्ड की घंटी बजाकर शुभारंभ कर दिया। लखनऊ नगर निगम उत्तर भारत का पहला नगर निगम बन गया है, जिसने बॉन्ड जारी किया है। मुख्यमंत्री योगी ने बीएसई में बेल बजाकर इसे सूचीबद्ध करने के बाद कहा कि लखनऊ मनपा उत्तर भारत की पहली नगर निकाय है जिसे शेयर बाजार में लिस्ट किया गया है।
लखनऊ म्युनिसिपल बॉन्ड की लिस्टिंग सेरेमनी के दौरान सीएम योगी ने कहा कि 1997 में नगर निकायों को म्युनिसिपल बॉन्ड जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ हुई थी लेकिन उत्तर भारत में लखनऊ नगर निगम पहला नगर निकाय है जिसके लिए म्युनिसिपल बॉन्ड जारी किए गए हैं।
बता दें कि 13 नवंबर को जारी किए गए इस बॉन्ड में लखनऊ नगर निगम ने अब तक 200 करोड़ रुपए जुटाए हैं। मालूम हो कि म्युनिसिपल या नगर निगम बॉन्ड शहरी स्थानीय निकायों द्वारा जारी किए जाते हैं। लखनऊ नगर निगम के बॉन्ड पर निवेशकों को 8.5 फीसदी वार्षिक ब्याज मिलेगा और इसकी परिपक्वता अवधि 10 साल है। इस बॉन्ड की सफल लॉन्चिंग से राजधानी लखनऊ को संवारने की तैयारी की जा रही है और इसे देश-विदेश से निवेश जुटाने में भी मदद मिलेगी।

मैं बॉलीवुड छीनने नहीं आया हूँ: सीएम योगी आदित्यनाथ
मुंबई के होटल ट्राइडेंट में आयोजित पत्रकार परिषद् में सीएम योगी ने कहा कि मैं बॉलीवुड छिनने मुंबई नहीं आया हूं। कोई किसी चीज को लेकर नहीं जा सकता। ये कोई पर्स नहीं है कि कोई उठाकर भाग जाए। यहां खुली प्रतिस्पर्धा है। जो सुरक्षा का माहौल दे सके, बेहतर सुविधा दे सके, और उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण दे सके, किसी के साथ कोई भेदभाव न हो, वहां निवेश जाएगा। योगी ने कहा कि वही फिल्म सिटी मुंबई में काम करेगी। जबकि उत्तर प्रदेश में नई आवश्यकता के अनुरूप नई सुविधाओं एवं बुनियादी ढांचेवाली ‘फिल्म सिटी’ तैयार होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं बॉलीवुड को यूपी ले जाने की बजाय वहा विश्वस्तरिय फिल्मसिटी बनाना चाहता हूं। इसके लिए फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों से विचार विमर्श कर रहा हूं। बुधवार को पंचसितारा होटल में उद्योगपतियों और फिल्म जगत की हस्तियों से चर्चा के बाद योगी ने दोपहर 3 बजे पत्रकारों को सम्बोधित करते हुआ कहा कि नोएडा एक में यमुना के किनारे 1 हजार एकड़ में नई फिल्मसिटी बनाई जाएगी। इसमें फिल्म जगत से जुड़े लोगों ने रुचि दिखाई है।
इसके पहले शिवसेना प्रवक्ता संजय राऊत ने कहा था कि सौ साल पुरानी फिल्म इंडस्ट्री को मुंबई से कोई नहीं ले जा सकता।

बता दें कि यूपी में फिल्म सिटी निर्माण का प्रस्ताव महाराष्ट्र की शिवसेनानीत सरकार को रास नहीं आ रहा है। सरकार में शिवसेना की सहयोगी कांग्रेस-एनसीपी ने आरोप लगाया है कि मुंबई से फिल्म इंडस्ट्री को उत्तर प्रदेश ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। जबकि एक दिन पहले ही खुद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी सीएम योगी की यात्रा पर यह कहते हुए प्रहार किया था कि कोई जबर्दस्ती यहां से बिजनेस नहीं ले जा सकता। वहीँ सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में फिल्म उद्योग के लिए व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि 2018 में इनवेस्टर समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी में डिफेंस कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया था। इस क्षेत्र में काफी अच्छी संभावनाएं हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2018 में एक जिला, एक उद्योग कार्यक्रम शुरु किया गया था। इसके लिए तहत सरकार उद्योगों के लिए सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उत्तर प्रदेश में 4.28 लाख करोड़ का निवेश हुआ है। केवल पांच महीनों में 60 हजार करोड़ से अधिक लागत वाली परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। जिओ, अडानी समुह, टाटा कंसल्टेंसी सर्विस, इफोसिस व पेप्सिका जैसी कंपनियों ने यूपी में निवेश किया है। योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश सरकार कोरोना नियंत्रण में पूरी तरह सफल रही। कोरोना काल में 1 करोड़ 25 लाख लोगों को रोजगार दिया गया है।
इस दौरान उत्तर प्रदेश के मंत्री सतीश महाना, सिद्धार्थनाथ सिंह अलोक टंडन, उत्तर प्रदेश सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव नवनीत सहगल, प्रसिद्ध हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।

तीन साल में बहुत बदला है उत्तर प्रदेश
इसके पहले फिल्म व उद्योग जगत के लोगों को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि तीन साल में उत्तर प्रदेश बहुत बदला है। तरक्की ने गति पकड़ ली है। इन्वेस्टर्स समिट और उसके बाद हुए दो ग्राउंड सेरेमनी के जरिए 3 लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश आना इसका सबूत है। तरक्की की ये गति वैश्विक महामारी कोरोना के दौरान भी नही रुकी। इस दौरान करीब 45 हजार करोड़ रुपए का विदेशी निवेश आया। यह प्रदेश की सरकार, उसकी नीतियों और कानून व्यवस्था पर लोगों के भरोसे का सबूत है।

अपनी जड़ों से लगाव स्वभाविक: CM
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रवासी उद्यमियों से मुखातिब होते हुए कहा कि अपनी जड़ों से लगाव स्वाभाविक है। अब समय आ गया है, एक बार जरूर अपनी माटी से अपने रिश्ते को मजबूत करें। कार्यक्रम का संचालन सीए पंकज जायसवाल ने किया। प्रवासी उद्यमियों में दिनेशचंद्र उपाध्याय, अशोक तिवारी, अरविंद राही, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, एसवी गिरी, अनिल तिवारी, सैफ कुरेशी, इल्यास गदरीवाला, आशुतोष श्रीवास्तव, राकेश सिंह, अनीस, दिनकर पाठक, योगेश साहू, रामसिंह सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

यूपी जाकर कलाकारों को डाकू बनना है क्याः गुलाबराव पाटील
प्रदेश के जलापूर्ति व स्वच्छता मंत्री गुलाबराव पाटील ने कहा कि मुंबई की फिल्म सिटी को किसी दूसरी जगह पर नहीं ले जाया जा सकता है। बॉलीवुड के कलाकार उत्तर प्रदेश में क्यों जाएंगे? कलाकारों को उत्तर प्रदेश में जाकर डाकू बनना है क्या? पाटील ने कहा कि मुंबई में लोग सुरक्षित हैं। उत्तर प्रदेश में जाकर लोग सुरक्षित रहेंगे क्या? उत्तर प्रदेश में क्या परिस्थिति है? बॉलीवुड वहां पर क्यों जाएगा? पाटील ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बैंकों में हुई लूट के आरोपियों का नाम बॉलीवुड वाले देख लेंगे तो वहां पर कोई नहीं जाएगा।