उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

यूपी में निवेश कराने मुंबई पहुंचे सीएम योगी बोले- विकास की नई गाथा लिख रहा उत्तर प्रदेश

मुंबई: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मुंबई निवासी उत्तर प्रदेश मूल के उद्यमियों को अपने मूल प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश के शासन-प्रशासन में निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। दुनिया भर से निवेशक उत्तर प्रदेश की ओर आ रहे हैं। इसलिए आप भी अपने मूल प्रदेश में निवेश करके देश को पांच खरब की अर्थव्यवस्थां बनाने में योगदान कीजिए।
सीएम योगी फरवरी के दूसरे सप्ताह में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) में निवेशकों को आमंत्रित करने बुधवार शाम को अपने दो दिवसीय दौरे पर मुंबई पहुंचे हैं।उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत यह कहते हुए की कि हम धर्म के प्रदेश के अर्थ के प्रदेश में निवेश आमंत्रित करने आए हैं। यह समिट 10 से 12 फरवरी तक लखनऊ में होगी, जिसमें देश-विदेश के निवेशक हिस्सा लेंगे।

मुंबई से रोड शो की शुरुआत
देसी निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए देश के विभिन्न शहरों में हो रहे रोड शो की शुरुआत बुधवार को मुंबई से करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में भारत को दो ऐसे अवसर प्राप्त हुए हैं, जो इस ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ को और विशेष बना सकते हैं। एक तो यह कि जिस देश में भारत पर 200 वर्षों तक राज किया, आज हम उसी को पछाड़कर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुके हैं।
दूसरा, आज भारत को जी-20 के देशों के नेतृत्व का अवसर प्राप्त हुआ है। ये दुनिया के वे 20 बड़े देश हैं, जहां दुनिया की 60 प्रतिशत आबादी निवास करती है। इनका दुनिया के 85 प्रतिशत जीडीपी पर अधिकार है। इनका दुनिया के 90 प्रतिशत पेटेंट पर भी अधिकार है। ऐसे जी-20 का नेतृत्व करते हुए हमारे पास भी अपने राज्य से अपने देश को आगे बढ़ाने का अवसर हमें मिल रहा है। उम्मीद है कि हम इसमें पीछे नहीं रहेंगे, और अपने प्रदेश में अधिक से अधिक निवेश कर देश को पांच खरब की अर्थव्यवस्था बनाने में मदद करेंगे।

कोरोना काल में भी यूपी में हुआ निवेश
मुख्यमंत्री योगी ने इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश मूल के लोगों को याद दिलाया कि उत्तर प्रदेश आजादी के बाद के 70 वर्षों में जो हासिल नहीं कर सका था, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में वह सब पिछले छह वर्षों में हासिल करने की शुरुआत कर चुका है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि उनकी सरकार बनने के दो वर्ष बाद ही दुनिया में कोरोना जैसी महामारी की शुरुआत हो गई थी। इसके बावजूद जब दुनिया रुकी हुई थी, तो उत्तर प्रदेश अपने यहां निवेश करवा रहा था। आगे उन्होंने कहा कि अब निवेशकों को उत्तर प्रदेश के शासन-प्रशासन पर भरोसा है कि यहां कोई फाइल अटकेगी नहीं। उन्हें अब उत्तर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर भी भरोसा है कि कोई उन्हें परेशान नहीं कर सकेगा। उन्होंने कहा कि मैं आपको आश्वस्त करने आया हूं कि किसी की तरफ से कोई शिकायत आई तो उसकी जवाब देही तय की जाएगी। कोई किसी को परेशांन करने की सोचा तो उसको लेने के देने पड़ेंगे।

कोरोना काल में 40 लाख प्रवासियों को हमने हरसंभव मदद पहुंचाई
बता दें कि देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद अपने दो वरिष्ठ मंत्रियों राजस्व मंत्री रवींद्र जायसवाल एवं उद्योग मंत्री नंदगोपाल नंदी सहित कई प्रमुख अधिकारियों के साथ पहुंचे हैं। मुंबई में उत्तर प्रदेश मूल के लोगों की आबादी 35 लाख से अधिक है। इनमें बड़ी संख्या प्रवासी श्रमिकों की भी है।

सीएम योगी ने कि कहा कि हम संकट के साथी हैं। हम चुनौतियों से भागनेवाले नहीं है। कोरोना महामारी के दौरान जब सब तरफ पलायन हो रहा था, तो उत्तर प्रदेश ने न सिर्फ अपने यहां से पलायन रोका। बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों से उत्तर प्रदेश लौटे करीब 40 लाख प्रवासियों को भी आश्रय दिया।

एक मुलाकात जरुरी है…