ब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनमहाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

लता मंगेशकर हुईं कोरोना संक्रमित, इलाज के लिए अस्पताल में किया गया भर्ती

मुंबई: देशभर में कोरोना के केस में तेजी से इजाफा हो रहा है। आम लोगों के साथ ही अब आए दिन कोई न कोई बॉलीवुड सेलेब्स भी कोरोना संक्रमित हो रहा है। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे मशहूर गायिका लता मंगेशकर भी कोरोना की चपेट में आ गई हैं। 92 वर्षीय गायिका की उम्र को देखते हुए उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बता दें कि उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती किया गया है। उम्र और अन्य कारणों के चलते वे आईसीयू में भर्ती हैं। इस बात की जानकारी लता मंगेशकर की भतीजी रचना ने दी है। हालांकि, उन्होंने ये भी बताया कि उनमें कोरोना के काफी कम लक्षण है, लेकिन अन्य स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के चलते उन्हें ICU में रखा गया है।
इससे पहले लता मंगेशकर को नवंबर 2019 में सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उस समय लता मंगेशकर की छोटी बहन उषा ने बताया था कि लता को वायरल संक्रमण है।
लता मंगेशकर के परिवार का कहना है कि ‘दीदी’ में कोरोना के कम लक्षण हैं, लेकिन उम्र के हिसाब से उन पर ध्यान रखने की जरूरत थी, इसलिए डॉक्टर की सलाह पर उन्हें अस्पताल मे भर्ती कराया गया। हॉस्पिटल ऑथोरिटी का कहना है कि लता मंगेशकर की तबीयत में सुधार हो रहा है।

लता मंगेशकर के बाद अब ‘भाभीजी घर पर हैं’ की एक्ट्रेस नेहा पेंडसे भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। नेहा पेंडसे ने इसकी जानकारी खुद इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए दी है। बिग बॉस-12 की कंटेस्टेंट रहीं नेहा पेंडसे का जन्म 29 नवंबर 1984 को मुंबई में हुआ था। नेहा किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। शायद कम ही लोग जानते हैं कि नेहा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट की थी। इसके साथ ही वे हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, मलयालम और मराठी फिल्मों में भी काम कर चुकी है। हालांकि, वे अपने प्रोफेशन से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में रही। उन्होंने अपने ब्वॉयफ्रेंड और दो बेटियों के पिता शार्दुल सिंह से शादी की थी। नेहा को शादी के बाद जमकर ट्रोल भी किया गया था।

गौरतलब है कि कोरोना वायरस ने महाराष्ट्र और मुंबई में सबसे ज्यादा कहर मचा रखा है। महाराष्ट्र में सोमवार को कोरोना के 33,470 नए मामले सामने आए और 8 लोगों की मौत हुई। इसमें से 13,648 मामले सिर्फ मुंबई में मिले थे।

तीसरी लहर में इन सेलेब्स को हुआ कोरोना
कोरोना की तीसरी लहर में करीना कपूर, अर्जुन कपूर, अंशुला कपूर, रिया कपूर, स्वरा भास्कर, शनाया कपूर, जॉन अब्राहम और उनकी पत्नी प्रिया रुंचाल, सीमा खान और सोहैल खान का छोटा बेटा योहान, रणवीर शौरी का बेटा हारुन, सोनू निगम, नोरा फतेही, शिल्पा शिरोडकर, टीवी एक्टर अर्जुन बिजलानी, डेलनाज ईरानी, साउथ एक्टर महेश बाबू, टीवी एक्टर नकुल मेहता, शिखा सिंह और वरुण सूद, वीर दास, कमल हासन, सुजैन खान, खुशबू सुंदर, खुशी कपूर, जाह्नवी कपूर, मृणाल ठाकुर, राहुल रवैल और सुमोना चक्रवर्ती जैसे सेलेब्स कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं।