उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़ विंध्याचल में स्नान करते समय 6 लोग डूबे, चार को बचाया गया, राहत और बचाव कार्य जारी 1st May 20221st May 2022 Network Mahanagar 🔊 Listen to this मिर्जापुर: मिर्जापुर स्थित विंध्याचल धाम के गंगा नदी तट स्थित परशुराम घाट पर रविवार की सुबह हादसा हो गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, परशुराम घाट पर सुबह दर्शनार्थी पहुंचे थे और स्नान के दौरान अचानक डूबने लगे। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी और लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि प्रशासनिक व्यवस्था सुस्त होने से राहत और बचाव कार्य समय से शुरू नहीं हो पा रहा है और यहां स्थानीय लोगों के भरोसे ही बचाव कार्य चल रहा है। मछलीशहर जौनपुर निवासी दिलीप तिवारी अपने परिजनों सहित मां विन्ध्यवासिनी के दर्शन करने आये थे। दर्शन के पूर्व परशुराम घाट पर सपरिवार गंगा स्नान कर रहे थे उसी समय उनका पुत्र ऋषि तिवारी (17) वर्ष व खुशी तिवारी (13) वर्ष गहरे पानी मे डूबने लगे। उनको बचाने के चक्कर मे परिवार के अन्य सदस्य भी डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, कुल छह लोग डूब रहे थे। मौजूद नाविकों ने चार लोगों को तुरन्त पानी के बाहर निकाल लिया। कुछ देर पश्चात ऋषि और खुशी तिवारी को भी नाविकों ने पानी के बाहर खोजकर निकाल लिया। खबर लिखे जाने तक नाविकों के सहयोग से चार लोगों को बचा लिया गया और हादसे में दो लोग डूब गए। डूबे लोगों में एक का शव बरामद हो गया तो दूसरी डूबी हुई लड़की लापता होने की वजह से उसे खोजने में नाविक दोपहर तक लगे रहे। एक युवक का शव बरामद हुआ तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, दर्शनार्थी दर्शन और पूजन के लिए यहां पहुंचे हुए थे। गंगा में स्नान के साथ ही नहाते समय सभी एक-एक कर गहरे पानी में उतरते चले गए और अचानक तेज बहाव की जद में आने से नदी में बहने लगे। हादसे की जानकारी होने के बाद स्थानीय लोगों के सहयोग के साथ ही प्रशासन अधिकारी भी सक्रिय हुए और राहत व बचाव कार्य का जायजा लिया। इस दौरान लोगों की घाट पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं हादसे में अपनों को खोने के बाद लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। Post Views: 145