ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

विवेक फणसाळकर बने मुंबई के नए पुलिस कमिश्नर

मुंबई: सुप्रीम कोर्ट ने उद्धव ठाकरे सरकार को गुरुवार को फ्लोर टेस्ट करने का आदेश दिया है। इधर महाराष्ट्र सरकार ने फ्लोर टेस्ट से पहले मुंबई के नए पुलिस कमिश्नर की नियुक्त कर दी है। मुंबई के वर्तमान पुलिस आयुक्त संजय पांडे कल सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनकी जगह पर राज्य सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विवेक फणसाळकर को मुंबई का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है।

बता दें कि 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी विवेक फणसाळकर इसके पहले ठाणे के पुलिस कमिश्नर रहे चुके हैं। ठाणे में दो समुदायों के बीच एक सप्ताह तक चले दंगे को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, उन्होंने एंटी करप्शन ब्यूरो में एडीजी के पद पर और मुंबई ट्रैफिक पुलिस में जॉइंट कमिश्नर के पद पर भी काम किया है।

मुंबई सीपी संजय पांडे 30 जून को सेवानिवृत्त हो रहे हैं और उनकी जगह फणसाळकर लेंगे। 2018 में, परमबीर सिंह के बाद विवेक फणसाळकर को ठाणे का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया था, जिन्हें बाद में मुंबई में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून और व्यवस्था) के रूप में नियुक्त किया गया। इस नियुक्ति से पहले विवेक फणसाळकर 2016 से रिश्वत रोकथाम विभाग, मुंबई के अतिरिक्त महानिदेशक थे।

गौरतलब है आज सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार को झटका देते हुए राज्यपाल द्वारा दिए गए बहुमत सिद्ध करने के आदेश को जारी रखा है। सुप्रीम कोर्ट ने उद्धव ठाकरे सरकार को गुरुवार को फ्लोर टेस्ट करने का आदेश दिया है।
हालांकि, इसके साथ ही कोर्ट ने कहा की इस मामले के फैसले के बाद ही कोई अन्य फैसला लागू होगा। कोर्ट का कहना है कि कल के फ्लोर टेस्ट पर जो भी निर्णय हो, लेकिन इस मामले में आखिर फैसला 11 जुलाई को होगी जो इस मामले की अगली सुनवाई की तारीख है।
गुरुवार को होने वाले फ्लोर टेस्ट के लिए एकनाथ शिंदे की अगुवाई में बगावत करने वाले शिवसेना विधायक भी मुंबई आने वाले हैं, ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि शिवसेना कार्यकर्ता हंगामा कर सकते हैं। शिवसेना के बागियों के दफ्तरों पर हुई तोड़फोड़ और शिवसेना नेताओं की धमकियों के बाद विवेक फणसालकर की यह नियुक्ति काफी अहम मानी जा रही है।