ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

विश्व मैत्री दिवस-क्षमापना समारोह में सीएम शिंदे बोले- क्षमा करने के लिए दिल भी बड़ा होना चाहिए

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि किसी को क्षमा करना मामूली बात नहीं है। क्षमा करने के लिए बड़े दिल की जरूरत पड़ती है। उसके लिए मन भी बड़ा करना पड़ता है। माफ करने के लिए बहुत बड़ी इच्छा शक्ति और ताकत की जरूरत पड़ती है। मुख्यमंत्री के इस बयान को उनके और शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे के बीच के तल्ख रिश्तों को जोड़कर देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि शिवसेना में विद्रोह के बाद से ही मुख्यमंत्री शिंदे और उद्धव ठाकरे के रिश्तों में खटास पड़ गई है। रविवार को मुख्यमंत्री ने ‘भारत जैन महामंडल’ की तरफ से आयोजित विश्व मैत्री दिवस-क्षमापना समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि मैत्री के साथ क्षमा को जोड़ देंगे, तो समाज में झगड़े और सभी विवाद खत्म हो जाएंगे। जब लोग समझते हैं कि सामने वाले व्यक्ति ने गलती की है तो हम क्यों पीछे हटे? तभी लड़ाई शुरू हो जाती है। यदि हम समझेंगे कि उसका भला होने दो, हमें बाद में मौका मिल जाएगा तो विवाद भी खत्म हो जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें कड़ी मेहनत करनी चाहिए। यह सोचकर हम घर बैठेंगे कि हमारे कुंडली में बहुत कुछ है तो हमें कुछ नहीं मिल सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे ही कोई क्षमा नहीं करता है। आज के जमाने में यह मेरा, वह मेरा है। सभी को यह भी चाहिए, वह भी चाहिए। लेकिन इस दुनिया से जाते समय कोई कुछ नहीं लेकर जाता। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने अपने जीवन में कड़ी मेहनत और संघर्ष की है। मैंने कुछ पाने के उद्देश्य से कभी कोई काम नहीं किया है। जो मुझे मिला वह मेहनत और कष्ट के बल पर मिला है।

सबके ऊपर छा गए मुख्यमंत्री: राज्यपाल
इस कार्यक्रम में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की जमकर तारीफ की। राज्यपाल ने कहा कि शिंदे को मुख्यमंत्री बने अभी कुछ ही दिन हुए हैं। मगर ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री सबके ऊपर छा गए हैं। वे जितना छाए जा रहे हैं उतना ही बादल भी छाए जा रहा है।
इस मौके पर राज्यपाल कोश्यारी ने शिंदे का उल्लेख करते हुए भूलवश उन्हें प्रधानमंत्री कह दिया। फिर राज्यपाल ने कहा कि क्या पता शिंदे आने वाले समय में प्रधानमंत्री भी बन जाए! देखा जाये तो शिवसेना में अंदरूनी बगावत कर नया गुट बनाने वाले शिंदे इस वक्त खासे चर्चा में हैं। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा भी मौजूद रहे।