ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्यसामाजिक खबरें

विष्णु अवतार में विराजे ‘लालबाग के राजा’ भक्तों को कोरोना महामारी से उबारेंगे बप्पा

मुंबई,(राजेश जायसवाल): मुंबई महाराष्ट्र ही नहीं पूरा देश गणेश चतुर्थी का पर्व मना रहा है। महाराष्ट्र में इस पर्व की रौनक देखने लायक होती है। मंदिरों में सुबह से ही गणपति जी की विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। इस साल मुंबई के प्रसिद्ध गणपति ‘लालबागचा राजा’ विष्णु अवतार में नज़र आ रहे हैं। आशा की जा रही है कि बप्पा अपने गाँव जाते-जाते देशभर में फैली कोरोना महामारी को अपने साथ लेकर जायेंगे। दस दिन तक चलने वाले गणेशोत्‍सव में अनंत चतुर्दशी के दिन गणेश जी की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

हालांकि, कोरोना प्रकोपों के कारण सरकार द्वारा कई तरह के प्रतिबंध भी लगाये गए हैं जिससे संक्रमण को बढ़ावा न मिल सके। सरकार ने लोगों से अपील की है कि कोविड नियमों का पूरी तरह से पालन करें। गणेश चतुर्थी के अवसर पर लालबाग इलाके के ‘लालबागचा राजा’ और गणेशगली में स्थित ‘मुंबई चा राजा’ में पुजारी और आयोजकों ने सुबह की आरती की।

सिद्धिविनायक मंदिर में आनलाइन बप्‍पा के दर्शन

मुंबई शहर के प्रभादेवी स्थित लोकप्रिय सिद्धिविनायक मंदिर में इस साल गणेश चतुर्थी का उत्सव पूरी तरह से वर्चुअल तरीके से मनाया जा रहा है। मंदिर के पुजारियों ने सुबह की आरती की जिसका सीधा प्रसारण उनकी आधिकारिक वेबसाइट और फेसबुक पेज पर किया गया। मंदिर में हो रहे उत्‍सव को भक्‍त आनलाइन देख सकते हैं। पूरे दिन, मंदिर के अधिकारी लाइव प्रसारण के साथ भक्तों को मंदिर में होने वाले उत्सव से अवगत कराते रहेंगे।

गणेशोत्सव पर्व को लेकर मुंबई में लागू है धारा 144 
मुंबई में गणेश चतुर्थी को लेकर मुंबई पुलिस ने 10 से 19 सितंबर तक धारा 144 लागू की है। इस दौरान गणपति के जुलूस की अनुमति नहीं होगी। एक जगह पर पांच से ज्यादा लोगों को इकट्ठा होने की इजाजत नहीं है। बाप्पा के भक्त आनलाइन भगवान गणेश के दर्शन करने कर सकेंगे। यह आदेश मुंबई पुलिस आयुक्तालय के अधिकार क्षेत्र के तहत लागू होगा।

मुख्यमंत्री बोले- विघ्नहर्ता दुष्ट वायरस का नाश करेंगे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने राज्यवासियों से अपील की कि वे कोरोना वायरस के खिलाफ एक दमदार आंदोलन छेड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने भगवान गणेश से सभी बुराई और नकारात्मकता को खत्म करने की प्रार्थना की।