उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

UP: सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने कुशीनगर को दी 421 करोड़ की सौगात, बोले- अब तुष्टिकरण नहीं, विकास होगा

गोरखपुर: यूपी के सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने कुशीनगर कप्‍तानगंज में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि कोरोना के जिन्न को मैंने बोतल में बंद कर दिया है। गैर भाजपा शासित प्रदेश सरकारों ने केंद्र सरकार की नीति और निर्देश का पालन नहीं किया। आपदा के इस काल में भी राजनीति की। इससे पूरे देश में कोरोना को लेकर संकट खड़ा हुआ है। केरल, महाराष्ट्र आदि राज्य इसके उदाहरण हैं। जिनकी आबादी उत्तर प्रदेश के छठवें व आठवें हिस्से की ही है। हमको अब भी सावधानी बरतनी है। टीका का सुरक्षा कवच हर किसी को पहनना होगा। वह 12 सितंबर को कप्तानगंज तहसील परिसर के बगल में आयोजित कार्यक्रम में 421 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे।

मेडिकल कालेज का शीघ्र करूंगा शिलान्‍यास
मुख्‍यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर में शीघ्र ही मेडिकल कालेज का भी शिलान्यास करूंगा। उन्‍होंने कहा कि हम सबका साथ और सबका विकास, सबका विश्वास पर कार्य कर रहे हैं। विकास तो सबका होगा, लेकिन तुष्टिकरण किसी का नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पहले अब्बाजान कहने वाले विशेष जाति को फायदा पहुंचाते थे। हमारी सरकार में 4.5 लाख युवाओं को नौकरियां मिली हैं। किसी को न सिफारिश करवानी पड़ी है न रिश्वत देनी पड़ी, निष्पक्ष नियुक्तियां हुई हैं।

दूसरे दलों ने देश को लूटने का किया काम
कांग्रेस, सपा, बसपा सभी को घेरते हुए कहा कि अंग्रेजों के बाद कांग्रेस ने इस देश को लूटने का कार्य किया है। सपा बसपा ने गरीबों के निवाला पर डाका डाला। पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में आज सबको खाद्यान्न मिल रहा है। पहले भूख से मौतें होती थीं। आज प्रदेश और देश में भूख से एक भी मौत नहीं होती। क्योंकि अब्बाजान कहने वाले की तरह लोग अब गरीबों का हक नहीं मार सकते।

विरोधी दल नहीं चाहते बने राम मंदिर
मुख्यमंत्री ने राममंदिर के मुद्दे पर भी सभी पर निशाना साधा और जनता से ही पूछा कि क्या बसपा, सपा और कांग्रेस मंदिर बनवाते तो लोगों ने जवाब दिया नहीं। धारा 370 हटाते या तीन तलाक पर रोक लगाते तो इस पर भी जनता का जवाब मिला नहीं। सीएम योगी ने कुशीनगर और देवरिया में चीनी मिल खोलने की भी इच्छा जताई और कहा कि कोरोना काल में राजस्व की स्थिति बिगड़ने से ऐसा नहीं हो सका। इसे भी पूरा किया जाएगा।

दंगा करने वालों की सात पीढियां भुगतेंगी अंजाम
कानून व्यवस्था के सवाल पर कहा कि आज देश और प्रदेश में दंगे नहीं होते। उनको पता है कि ऐसा किया तो सात पीढ़ियों को भुगतना पड़ेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस की तरह परिवारवाद, वंशवाद की राजनीति नहीं करती। मोदी – योगी सेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में 4.5 लाख युवाओं को रोजगार देने का ऐतिहासिक कार्य सीएम योगी ने किया है।

संतकबीरनगर जिले को भी दी 245 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संतकबीर नगर के साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में मेडिकल कालेज का निर्माण होगा। जल्द ही प्रदेश के 90 हजार नौजवानों को नौकरी मिलेगी, इसकी तैयारी पूरी हो गई है। विकास से ही हर व्यक्ति के कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। संतकबीर नगर जनपद को बने 24 वर्ष बीत गए। लगभग बीस वर्षों तक इसकी किसी ने सुधि नहीं ली। राजनैतिक कारणों से घोषणाएं तो होती थीं, लेकिन वह पूरी नहीं हो पाती थी। ठेके-पट्टे, भाई-भतीजावाद, जातिवाद के चंगुल में फंस कर रह जाती थी। जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ता था।

बाबा तामेश्‍वर नाथ धाम व संत कबीर से जुडा है जिले का नाम
मुख्यमंत्री नवनिर्मित जिला कारागार के प्रांगण में 12 सितंबर को करीब 245 करोड़ की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिले की पहचान बाबा तामेश्वरनाथ धाम और सूफी संत कबीर दास जी से जुड़ा है। जनपद को मिली परियोजनाएं यह साबित करती हैं कि संतकबीर नगर भी किसी जिले से पीछे नहीं रहेगा, बल्कि विकास की मुख्यधारा से जुड़कर आगे बढ़ने का कार्य करेगा। मगहर में तीन वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद और मार्गदर्शन संतकबीर नगर जिले को प्राप्त हुआ था। जब उन्होंने मगहर में आकर संतकबीर की स्मृति में उनकी स्वप्न साधना को एक नई ऊंचाई देते हुए कबीरपीठ की स्थापना की थी। उसका कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। शीघ्र ही उसका प्रधानमंत्री मोदी लोकार्पण करेंगे।

प्रदेश के हर जिले में खुलेगा मेडिकल कालेज
मुख्‍यमंत्री ने कहा कि पहले पूर्वी उप्र में बीमारी थी। इंसेफेलाइटिस, मलेरिया, डेंगू और तमाम अन्य प्रकार की बीमारियों से मौतें होती थीं। उपचार का कोई माध्यम नहीं था। अकेले गोरखपुर में मेडिकल कालेज एक जर्जर कालेज बन कर रह गया था। लोगों को इलाज के लिए लखनऊ, दिल्ली और मुम्बई जाना पड़ता था। आज आप देख रहे होंगे लगभग हर जिले में मेडिकल कालेज बनाने के प्रयास में सरकार है। एम्स भी गोरखपुर में बन कर तैयार है। शीघ्र ही एम्स का उद्घाटन प्रधानमंत्री के हाथों होने जा रहा है। देवरिया, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर में मेडिकल कालेज बन रहा है। बस्ती में मेडिकल कालेज को प्रारंभ कर दिया गया है। यह पर एमबीबीएस प्रवेश शुरू हो चुका है। सरकार नई नीति लेकर आ रही है। इसके तहत 75 जिलों में मेडिकल कालेज (पीपीपी मोड) खोलने जा रहा है। उत्तम स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए सरकार कार्य कर रही है। संतकबीर नगर में भी मेडिकल कालेज खुलेगा।

कोरोना महामारी पर काबू पाने के मामले में नजीर बना यूपी
योगी ने कहा कि पूरे देश में कोरोना महामारी आई है। उप्र में कोरोना पर प्रभावी नियंत्रण किया गया है। मैं उन सभी कोरोना वारियर, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का अभिनंदन करूंगा। कल्पना करिए यदि सपा, बसपा और कांग्रेस में यह महामारी आती तो क्या होता। केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली में किस तरह से महामारी फैल रही है, उप्र में होता तो क्या होता। जिन लोगों ने अपने परिवार के लोगों को खोया है उनके प्रति मेरी संवेदना है। जो बच्चे निराश्रित हुए उन बच्चों को पढ़ाई के लिए चार हजार रुपये दिए जा रहे हैं। जो महिलाएं निराश्रित हुए हैं सरकार उनकी व्यवस्था में भी लगी है।

अपराधियों की मौज-मस्‍ती का केंद्र नहीं रहेगी जेल
सीएम योगी ने कहा कि जनपद में जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया है, उसमें जेल भी है। इसके लिए लोगों को बस्ती जाना पड़ता था। हम लोगों को सुधरने का मौका देंगे। जेल अपराधियों के लिए मौज-मस्ती का केंद्र नहीं बनना चाहिए। योगी ने कहा कि प्रदेश में श्रम सस्ता है, यहां हम उसे बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकते हैं। जितना जल संसाधन अपने पास है उसका हम इस्तेमाल खेती से लेकर अन्य कार्यों में कर सकते हैं। स्वयं सहायता समूह बेहतर कार्य कर सकती है।

90 हजार नौजवानों को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े चार साल पहले प्रदेश में ऐसी सरकार थीं जो वह केवल भाई-भतीजावाद की सरकार थी। तुष्टीकरण के नाम पर आपके हक पर डकैती डालने का कार्य करती थी। गुंडागर्दी और दंगा प्रदेश की पहचान बन चुका था। नौजवानों की नौकरी को नीलाम कर दिया जाता था। गरीबों के पेट में जाने वाले निवाले में डकैती डाल देते थे। आज नौजवान सरकारी नौकरी पा रहा है। पुलिस की भर्ती में बीस फीसद महिला पुलिसकर्मी भर्ती होनी चाहिए। आज तीस हजार महिला पुलिस अधिकारी प्रदेश में हैं, जो महिला सशक्तीकरण से जुड़कर हर बालिका, बेटी और बहन को सुरक्षा की गारंटी दे रही हैं। मिशन शक्ति कार्यक्रम गांव-गांव तक पहुंच रहा है। वहां पर महिला बूथ बनाकर महिलाओं से जुड़ी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूकता फैला रही है। कन्या सुमंगल योजना, सामूहिक विवाह की योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना का लाभ भी उनके द्वारा किया जा रहा है। योगी ने कहा कि हमने लाखों नौकरी दी। 90 हजार नौकरियां आ रही है। योग्यता के आधार पर सरकार सभी को नौकरी दे रही है। उन्हें नियुक्ति पत्र दे रही है।

बखिरा के बर्तन उद्योग को मिलेगी विश्व स्तरीय पहचान
इस जिले की पहचान कभी बखिरा में बर्तनों हुआ करती थी, पिछली सरकारों ने उसे भुला दिया। एक बार फिर इस उद्योग के लिए सरकार एक कलस्टर विकसित करने जा रही है जिससे इसको विश्व स्तर पर पहचान मिल सके। यहां के लोगों को आगे बढ़ने के लिए सरकार मौका देगी। विश्व काष्ठ कला के माध्यम से बहनों को टूलकिट दिया गया है। जिससे इनका विकास हो सके। कोई सिलाई-कढ़ाई के साथ जुड़ सकती है। अगर हर घर में सिलाई की मशीन आ जाए और बाजार से लिंक कर लें तो हर घर में रेडीमेड गारमेंटस का हब बन जाएगा।