ब्रेकिंग न्यूज़हिमाचल प्रदेश

सुक्‍खू बने हिमाचल के नए मुख्‍यमंत्री, मुकेश अग्निहोत्री ने ली उपमुख्यमंत्री पद की शपथ

शिमला: सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रिज मैदान में हिमाचल के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। सुक्खू हिमाचल के 15वें सीएम बन गए हैं। सुक्खू के साथ मुकेश अग्निहोत्री ने भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस की एकता दिखाई दी। समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह के साथ राहुल और प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहे।
इसके अलावा शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राज्यसभा सदस्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा भी शामिल हुए। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले अन्य कांग्रेसी नेताओं में पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल, राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा, राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, अलका लांबा और धीरज गुर्जर शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर की मौजूदगी में राजभवन में हुए इस शपथ ग्रहण समारोह में सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल के मुख्यमंत्री और मुकेश अग्निहोत्री ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। सुक्‍खू कैबिनेट का विस्‍तार बाद में किया जाएगा।

पहली कैबिनेट बैठक में पुरानी पेंशन योजना होगी बहाल
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सीएम पद की शपथ लेते ही कहा कि हम पहली कैबिनेट बैठक में जनता से किए गए अपने वादों को पूरा करेंगे और पुरानी पेंशन योजना बहाल होगी।
वहीं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पहले लोग कहते थे कि कांग्रेस किसी भी राज्य में सत्ता में नहीं आएगी, लेकिन आज हमने बीजेपी के ‘रथ’ को रोक दिया है।