उत्तर प्रदेशदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

हाजीपुर जेल में गोलीबारी, एक कैदी को गंभीर अवस्था में पहुंचाया गया अस्पताल

हाजीपुर: बेहद सुरक्षित माने जाने वाले मंडल कारा में गोलीबारी की घटना हुई है जिसमें मनीष नामक एक कैदी को गोली लग गई है। गोली लगने के बाद जेल के भीतर अफरा-तफरी मच गई। वहीं जेल परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। गोली मारने वाले के बारे में अभी पुलिस की ओर से कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।
सदर एसडीपीओ राघव दयाल के मुताबिक अस्पताल में भर्ती मनीष को गोली मारी गई है जिसकी जांच चल रही है। घटना को लेकर प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस की टीम मंडल कारा पहुंची हुई है और मामले की छानबीन कर रही है।
बता दें कि हाल में हाजीपुर में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ गया है। बीते दस दिन में ही दो राजनीतिक कार्यकर्ताओं की भी हत्या की गई है। इससे पहले यहां के मुथहूत गोल्ड फाइनांस कंपनी से सोना लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया गया था। इस घटना में करीब 55 किलो सोना लूट लिया गया था। जिसकी कीमत लगभग 23 करोड़ बताई गई थी।
बहरहाल हाजीपुर में लगातार हो रही वारदातों के बीच मंडल कारा में गोलीबारी की घटना ने सीधा पुलिस प्रशासन और जेल प्रशासन पर सवाल खड़ा कर दिया है। सवाल ये भी कि जेल के भीतर आग्नेयाश्त्र कैसे पहुुंचा जिससे इस तरह की गोलीबारी की घटना हुई?