दिल्लीशहर और राज्य

87 के हुए पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह, प्रधानमंत्री मोदी और राहुल समेत कई नेताओं ने दी बधाई

नयी दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह गुरुवार को 87 साल के हो गए। 26 सितंबर 1932 को अविभाजित भारत के पंजाब (अब पाकिस्तान) के एक गांव में जन्मे मनमोहन सिंह दो बार प्रधानमंत्री रह चुके हैं। वर्तमान में वह राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। मनमोहन सिंह के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है। वहीं, राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई नेताओं और बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने भी डॉ. सिंह को जन्मदिन कर बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि हमारे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। मैं उनके लंबे और स्वस्थ्य जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई दी और सार्वजनिक जीवन में उनकी सेवा और योगदान को याद किया। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के जन्मदिन पर हम उनकी निःस्वार्थ सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण में उनके शानदार योगदान को याद करते हैं। जन्मदिन पर उन्हें मेरी शुभकामनाएं। मैं उनकी अच्छी सेहत और खुशहाली की कामना करता हूं। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि 10 वर्षों तक देश का कुशलतापूर्वक नेतृत्व करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री और विद्वान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के जन्मदिवस पर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं। उन्होंने श्री सिंह के स्वस्थ और दीर्घायु रहने की कामना की। पार्टी के कई अन्य नेताओं ने भी सिंह को जन्मदिन की बधाई दी।’डॉ. सिंह के ज्ञान की फिलहाल सबसे ज्यादा जरुरत’वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जयराम रमेश ने कहा कि चार जुलाई, 1991 के अपने बजट के जरिए डॉ. मनमोहन सिंह ने भारतीय अर्थव्यवस्था को बदल दिया था। देश को उनके ज्ञान की फिलहाल सबसे ज्यादा जरूरत है। पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने बधाई देते हुए कहा कि मैं सरकार से आग्रह करता हूं कि वह मनमोहन सिंह की बातों को सुने। अगर इस वक्त देश को आर्थिक बदहाली से बाहर निकालने का रास्ता कोई दिखा सकता है तो वह मनमोहन सिंह हैं। आईएनएक्स मीडिया मामले में तिहाड़ जेल में बंद चिदंबरम की तरफ से उनके परिवार ने उनके आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यह टिप्पणी पोस्ट की।