चुनावी हलचलदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

हरियाणा विधानसभा चुनाव: बड़े नेताओं पर टिकट बेचने का आरोप, सोनिया गांधी के आवास पर कांग्रेसियों का प्रदर्शन

नयी दिल्ली, हरियाणा कांग्रेस में चल रही अंदरूनी कलह बुधवार को खुलकर सामने आ गई। विधानसभा चुनाव के टिकटों को लेकर जमकर बवाल हुआ। दोपहर तक यह बवाल इतना बढ़ गया कि कांग्रेसियों ने पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के घर के बाहर भी जमकर हंगामा किया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर टिकट बेचने का आरोप लगाया गया। यह आरोप हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर ने लगाया। उन्होंने कहा कि टिकट का बंटवारा पैसे के आधार पर हो रहा है। हरियाणा कांग्रेस में टिकट बेचे जा रहे हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारियों ने सोनिया गांधी के घर के बाहर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
दो वरिष्ठ नेताओं ने एक दिन पहले ही छोड़ी कांग्रेस
एक दिन पहले ही पूर्व सहकारिता मंत्री व कांग्रेस नेता सतपाल सांगवान और पूर्व राज्यसभा सांसद ईश्वर सिंह ने कांग्रेस का दामन छोड़ दिया था। दोनों ने मंगलवार को दिल्ली में दुष्यंत चौटाला की मौजूदगी में जेजेपी जॉइन की। इस दौरान ईश्वर सिंह ने कहा कि दुष्यंत चौटाला के व्यक्तित्व की वजह से उन्होंने जेजेपी में आने का निर्णय लिया है। कांग्रेस में आलाकमान जैसी कोई बात नहीं है। 40 साल में कांग्रेस में रहा हूं। इस दौरान सतपाल सांगवान ने कहा था कि मैंने हुड्डा के लिए बहुत कुछ किया है। उन्होंने दुष्यंत चौटाला से कहा कि वो उन्हें वादा करते हैं कि इस बार वही विधायक बनेंगे।

BJP ने 78 उम्मीदवारों की घोषणा की
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को हरियाणा में अपने 78 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को करनाल से चुनाव मैदान में उतारा गया है। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए सभी 90 सीटों पर 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। 24 अक्टूबर को नतीजे आएंगे।