मुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: मनपा कर्मचारियों की हाजिरी बायोमेट्रिक से जोड़ें जाने से वेतन पर पड़ रहा असर, करेंगे आंदोलन

मुंबई, मनपा कर्मचारियों की हाजिरी बायोमेट्रिक से जोड़ दिए जाने के बाद कर्मचारियों के वेतन पर इसका असर पड़ रहा है। महीने भर काम करने के बावजूद कई कर्मचारियों को सिर्फ 100 से 500 रुपए के बीच वेतन मिल रहा है, जिसको लेकर सफाई कर्मचारियों में भारी नाराजगी व्याप्त है। त्यौहार के ऐन मौके पर कर्मचारियों को बेहद कम वेतन मिलने पर कर्मचारियों में भारी नाराजगी व्याप्त है, जिसके चलते डी वार्ड के सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को आंदोलन करने का निर्णय लिया है। उल्लेखनीय है कि मनपा प्रशासन ने सभी कर्मचारियों की हाजिरी बायोमेट्रिक कर दी है। मनपा द्वारा अत्याधुनिक तरीका अपनाने के बाद भी कर्मचारियों को बाहरी कार्य दिए जाने के बाद उन्हें किस तरह नियोजन करना है, इसका उचित प्रवधान नहीं किए जाने से हर माह कर्मचारियों की सही ढंग से हाजिरी नहीं लग पा रही है, जिसके चलते कर्मचारियों के वेतन पर उसका असर पड़ रहा है। मनपा ने कर्मचारियों की हाजिरी अब उनके वेतन से लिंक कर दिया है। मनपा में कार्यरत कर्मचारियों को विभिन्न कार्यों के लिए बाहर जाना पड़ता है। खासकर अभी तो चुनावी ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को बाहर ही रहना पड़ता है,जिससे उनकी रोजाना की बायोमेट्रिक हाजिरी पर इसका असर पड रहा है। सफाई कर्मचारी बड़े पैमाने पर पढ़े लिखे नहीं होने के कारण इस तकनीक का उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ता है। सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि कई बार बायोमेट्रिक हाजिरी लगाने के बावजूद उनकी हाजिरी नहीं लगती है। मनपा के 24 वार्ड में कार्यरत हजारों कर्मचारियों में से सैकड़ों कर्मचारियों को 100 से 500 रुपए ही वेतन मिला है। इसके पहले भी इसी तरह की शिकायत सफाई कर्मचारियों की ओर से सामने आई थी। उस दौरान सफाई कर्मचारियों के युनियन ने आंदोलन करने की चेतावनी दी थी, लेकिन मनपा आयुक्त ने नवंबर तक बायोमेट्रिक में आने वाली तकनीकी खराबियों को दूर करने का आश्वासन देते हुए वेतन नहीं काटे जाने का भरोसा दिलाया था।