ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहर

मुंबई: आरे में पेड़ों की कटाई का विरोध करने पहुंचे प्रकाश आंबेडकर पुलिस हिरासत में

मुंबई, देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की आरे कॉलोनी में पेड़ों की कटाई मामले से महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया भूचाल आ गया है। कांग्रेस, शिवसेना और आम आदमी पार्टी के बाद अब वंचित बहुजन आघाडी भी पेड़ों की कटाई के विरोध में उतर आई है। पार्टी मुखिया प्रकाश आंबेडकर रविवार को विरोध करने आरे पहुंचे। हालांकि, उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। आंबेडकर ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

बॉम्बे हाई कोर्ट का फैसला आने के कुछ ही घंटों बाद शुरू हुई पेड़ों की कटाई से लोगों में गुस्सा है। इसी कड़ी में आंबेडकर रविवार को आरे पहुंचे थे। उन्होंने कहा है कि वीबीए हमेशा से ही आरे में पेड़ों की कटाई के विरोध में थी। वह विरोध करने और सरकार से कुछ सवाल पूछने आरे गए थे। आंबेडकर ने साफ किया कि उन्हें हिरासत में लिया गया है, न कि गिरफ्तार किया गया है।
कानून व्यवस्था बनाए रखें: प्रकाश आंबेडकर
उन्होंने ट्वीट कर जानकारी दी है कि उन्हें पवई पुलिस स्टेशन में रखा गया है। वीबीए अध्यक्ष ने अफवाहों पर भरोसा न करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा है। गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार को आरे पहुंचीं शिवसेना प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी को भी हिरासत में ले लिया गया था। भारतीय जनता पार्टी की राज्य सरकार को इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के साथ-साथ सहयोगी शिवसेना का गुस्सा भी झेलना पड़ा है।

मुंबई पुलिस के लिए गले की फांस बना अमेजन के जंगलों पर किया ट्वीट
शुक्रवार रात से शुरू हुई पेड़ों की कटाई का विरोध कर रहे 29 पर्यावरण प्रेमियों को गिरफ्तार किये जाने पर सोशल मीडिया तक में मुंबई पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच मुंबई पुलिस के लिए उसका एक ट्वीट गले की की फांस बन गया है। मुंबई पुलिस ने अपने इस ट्वीट में अमेजन के वर्षा वनों के नष्‍ट होने को मानवता का नुकसान बताया था।
सोशल मीडिया पर लोग बड़ी संख्‍या में ट्वीट कर यह सवाल कर रहे हैं कि क्‍या मुंबई पुलिस के ल‍िए 14831 किलोमीटर दूर स्थित अमेजन के वर्षा वन महत्‍वपूर्ण हैं और आरे के पेड़ नहीं? दरअसल, 28 अगस्‍त को मुंबई पुलिस ने ट्वीट किया था, अमेजन के वर्षा वनों का नुकसान पूरी मानवता की क्षति है। आइए हम सभी लोग यह प्रण लें कि देर होने से पहले अपनी वनस्‍पति और जीवों की रक्षा करेंगे और उनका संरक्षण करेंगे। अगर हम नहीं करेंगे तो यह कौन करेगा? अगर अभी नहीं तो फिर कब? सेव अमेजन, सेव मदर अर्थ।