मुंबई शहरसामाजिक खबरें

..तो अब सिर्फ 14 मिनट में तय कर पाएंगे मुंबई से एलिफेंटा गुफा तक का सफर

मुंबई , मुंबई से घारापुरी आईलैंड स्थित एलिफेंटा गुफा तक पहुंचने में 4 साल बाद सिर्फ 14 मिनट लगेंगे। केंद्र सरकार की स्थायी वित्त समिति ने पिछले हफ्ते 8 किमी लंबी मुंबई से एलिफेंटा तक रोप-वे के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह भारत में समुद्र के ऊपर बनने वाला पहला रोपवे होगा। यह प्रॉजेक्ट मुंबई पोर्ट ट्रस्ट(एमबीपीटी) को दे दिया गया है।

फिलहाल अभी गेटवे ऑफ इंडिया से नाव के जरिए ही यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट तक पहुंचने की सुविधा है। इसमें एक तरफ का रास्ता तय करने में करीब 1 घंटे का समय लगता है और कभी-कभी मौसम खराब होने की वजह से भी इस पर प्रतिकूल असर पड़ता है। यह प्रॉजेक्ट पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत बनाया जाएगा और एमबीपीटी अगले साल अगस्त तक मंजूरी मिलने की योजना बना रही है। इसके एक महीने बाद यानी सितंबर में काम शुरू होने की संभावना है जो कि अक्टूबर 2022 तक खत्म होगा। एमबीपीटी के चेयरमैन संजय भाटिया ने बताया कि रोपवे पर्यटकों के आकर्षण के लिए एक लैंडमार्क होगा। उन्होंने कहा, शुरुआत में, सेवरी से 30 सीटर केबल कार सेवा शुरू करने की योजना थी लेकिन लैंडिंग टर्मिटल हाजी बंडर से एक किमी दूर शिफ्ट कर दिया गया है ताकि प्रवासी फ्लैमिंगो पक्षी और मुंबई-ट्रांस हार्बर लिंक को बाधित होने से बचाया जा सके।
टर्मिनल के निर्माण के लिए करीब 10 हजार वर्म मीटर जमीन दी जाएगी। 16 वर्ग किमी आइलैंड में कई पुरातात्विक खंडहर हैं जिसमें चट्टानों से बने मंदिर भी शामिल हैं।