दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीति

नागरिकता संशोधन विधेयक के फैसले पर शिवसेना को मोदी सरकार का समर्थन,संजय राउत बोले-हम हमेशा घुसपैठियों के खिलाफ

मुंबई: नागरिकता संशोधन विधेयक के मुद्दे को लेकर शिवसेना, केंद्र सरकार के साथ खड़ी नजर आ रही है। शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि हमारा रुख हमेशा घुसपैठियों के खिलाफ रहा है। मुंबई में हमने बांग्लादेशियों से सामना किया है। राष्ट्रीय सुरक्षा पर हम हमेशा किसी भी सरकार के साथ हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को नागरिकता (संशोधन) विधेयक, 2019 को अपनी मंजूरी दे दी। माना जा रहा है कि अलगे सप्ताह यह बिल लोकसभा में चर्चा के लिए आ सकता है।
संजय राउत ने कहा- हर राज्य के बिल के बारे में अलग-अलग राय है, दूसरों की राय भी लेनी चाहिए। असम में बीजेपी के मुख्यमंत्री भी इसका विरोध कर रहे हैं। मैं किसी भी धर्म के बारे में चिंतित नहीं हूं और मुझे पता है कि मुंबई में क्या हो रहा है। हम देखेंगे कि यह बिल कब सदन में आएगा।
इस बिल के संसद में पारित होकर कानून बन जाने के बाद पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में उत्पीड़न के शिकार हिंदुओं, ईसाइयों, सिखों, पारसियों, जैनों और बौद्ध अनुयाइयों को भारत की नागरिकता दी जा सकेगी। यह बिल चुनिंदा श्रेणियों के अवैध प्रवासियों को नागरिकता का पात्र बनाने के लिए नागरिकता अधिनियम, 1955 को संशोधित करने के लिए है। इस बिल में मुस्लिमों को शामिल नहीं करने पर विपक्ष, अल्पसंख्यक संगठनों और अन्य ने हमला बोला है। उन्होंने इस तर्क पर भी इस विधेयक का विरोध किया कि यह संविधान के खिलाफ है, क्योंकि संविधान धर्म के आधार पर किसी नागरिक से भेदभाव नहीं करता है।