ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: BMC के घनकचरा विभाग के कई टेंडर किये गए रद्द

मुंबई: बीएमसी के कचरा प्रबंधन विभाग में सफाई की शुरुआत हो गई है। कचरे के वजन को लेकर कुछ साल पहले हुई कार्रवाई के लंबे समय बाद विभाग में ठेकेदारों की मनमानी पर लगाम लगाने का काम शुरू हुआ है। कचरा प्रबंधन विभाग की हाल ही में जिम्मेदारी संभाली अडिशनल कमिश्नर डॉ.अश्विनी जोशी ने इस संदर्भ में कई निर्णय लिए हैं। कचरा प्रबंधन विभाग के कई टेंडर उन्होंने रद्द कर दिए हैं। जॉइंट म्युनिसिपल कमिश्नर अशोक खैरे ने इसकी पुष्टि की।

जनता का पैसा नहीं बहाया जाएगा
मुंबई के रास्तों की मशीन से सफाई के टेंडर की शर्तों को लेकर काफी बवाल हो रहा था। 100 करोड़ रुपये से ज्यादा के इस टेंडर को लेकर कई शिकायतें भी आई थीं। एक अधिकारी ने कहा कि टेंडर की शर्तों को लेकर कई आक्षेप लगाए गए थे। इसीलिए हमने नए सिरे से शर्तों को बदलकर टेंडर मंगाने का फैसला किया है। सड़कों के डिवाइडर धोने का टेंडर रद्द कर दिया गया है। बीएमसी ने कुछ समय पहले सड़कों के डिवाइडर धोने पर 12 करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी की थी। इस संदर्भ में टेंडर भी निकाला गया था। प्रशासन के इस फैसले पर कई सवाल उठ रहे थे? तमाम आलोचनाओं के बावजूद प्रशासन इसे आगे बढ़ाने को लेकर प्रयासरत था। लेकिन अडिशनल कमिश्नर बदलते ही फैसला भी बदल गया।